अपकमिंग फिल्म: आखिरी सवाल में कई जटिल सवालो का जवाब देंगे प्रोफेसर संजय दत्त, ट्रेलर आया सामने, साइन भाषा में भी जारी हुआ ट्रेलर

डिजिटल डेस्क, मुंबई। संजय दत्त की आगामी फिल्म 'आखिरी सवाल' का ट्रेलर मुंबई में रिलीज हो गया है। ट्रेलर में यह फिल्म सीधा सिस्टम पर प्रहार करती है।राष्ट्रीय स्वयंक सेवक संघ को लेकर जो भी सवाल अब तक विवादों में रहे हैं उनका जवाब ढूंढने की कोशिश इस फिल्म में की गई है। फिल्म का निर्देशन अभिजीत मोहन वारंग ने किया है। फिल्म को निखिल नंदा ने प्रस्तुत किया है। फिल्म की खास बात यह है कि इसे सभी दर्शकों खासकर दिव्यांगजनों को भी ध्यान में रखकर बनाया गया है। मेकर्स इसे भारतीय साइन लैंग्वेज के साथ पेश करने की तैयारी में हैं। जिसकी घोषणा मंच पर की गयी। इसके अलावा दृष्टिबाधित लोगों के लिए भी खास सुविधाएं देने की योजना है, ताकि वे भी फिल्म का पूरा आनंद ले सकें। आखिरी सवाल 15 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। यह फिल्म हिंदी के अलावा तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषा में भी दर्शकों के बीच आएगी।
यह भी पढ़े -मीनाक्षी शेषाद्रि ने कहा, ऋषि कपूर की शानदार ड्राइविंग स्किल्स ने दामिनी में कठिन दृश्य की शूटिंग करने में की थी मदद
प्रोफेसर का किरदार बेहद मुश्किल-संजय दत्त
ट्रेलर लांच पर संजय दत्त ने कहा कि फिल्म में मैं प्रोफेसर की भूमिका में हूं। मैंने ऐसा रोल कभी नहीं निभाया। एक रूम में कुर्सी पर बैठकर लगातार बोलना अभिनय का सबसे मुश्किल पल था लेकिन यह फिल्म बनाना जरुरी भी था क्योंकि हर भारतीय को यह फिल्म देखनी चाहिए।
सेंसर बोर्ड से मंजूरी मिलने में हुई थी देरी
फिल्म आखिरी सवाल पहले 8 मई को रिलीज होने वाली थी लेकिन सीबीएफसी से प्रमाणपत्र ना मिल पाने के कारण इसकी रिलीज डेट आगे बढ़ाई गयी। फिल्म को आखिरकार सेंसर बोर्ड से हरी झंडी मिल गई है। लंबे इंतजार के बाद सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन ने फिल्म को मंजूरी दे दी है, जिसके बाद अब यह 15 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म को सीबीएफसी की तरफ से यू -ए सर्टिफिकेट मिला है, यानी इसे परिवार के साथ देखा जा सकेगा।
यह भी पढ़े -सफलता से पहले विजय देवरकोंडा ने खुद तय की थी एक्टिंग छोड़ने की डेडलाइन, फिर कम बजट की फिल्म से मिली पहचान
कैसा है ट्रेलर ?
फिल्म के 2 मिनट 54 सेकेंड के ट्रेलर में दिखाया गया है कि संजय दत्त एक प्रोफेसर की भूमिका में हैं। वह काफी सुलझे हुए और बातचीत में यकीन रखने वाले व्यक्ति हैं। ट्रेलर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस ) से जुड़ी ऐतिहासिक घटनाओं पर गंभीर सवाल उठाए गए हैं। इसमें महात्मा गांधी की हत्या में आरएसएस की कथित संलिप्तता, बाबरी मस्जिद विध्वंस और इमरजेंसी जैसे संवेदनशील विषयों के बारे में सवाल पूछे गए हैं। ट्रेलर में इन घटनाओं से जुड़े सवालों के जवाब तो नहीं दिए गए हैं, लेकिन ऐसा लगता है कि फिल्म में इन सवालों के जवाब मिलेंगे। संजय दत्त इस पूरी कहानी के केंद्र में हैं। वह आएएसएस पर लगे आरोपों का जवाब देते हैं। ट्रेलर में नमाशी चक्रवर्ती, अमित साध, नीतू चंद्रा और त्रिधा चौधरी जैसे कलाकार नजर आए हैं।
Created On :   9 May 2026 11:12 AM IST












