वेबसीरीज: ठुकरा के मेरा प्यार सीजन 2 मे दिखेगा पावर, पॉलिटिक्स और अधूरी मोहब्बत का खेल, प्रमोशन के लिए भोपाल पहुंचे संचिता बसु और धवल ठाकुर

ठुकरा के मेरा प्यार सीजन 2 मे दिखेगा पावर, पॉलिटिक्स और अधूरी मोहब्बत का खेल, प्रमोशन के लिए भोपाल पहुंचे संचिता बसु और धवल ठाकुर

डिजिटल डेस्क, भोपाल। पॉपुलर वेब सीरीज 'ठुकरा के मेरा प्यार' के सीजन 2 का ट्रेलर आ चुका है। इसी बीच बुधवार को इस सीरीज के मुख्य किरदार एक्ट्रेस संचिता बसु और धवल ठाकुर प्रमोशनल के लिए भोपाल पहुंचे। यहां उन्होंने सीजन 2 को लेकर अपने अनुभव साझा किए और दर्शकों से इस नए सीजन को देखने की अपील की। संचिता बसु ने कहा कि इस बार कहानी पहले से अधिक दमदार और भावनात्मक होगी। उन्होंने बताया कि उनका किरदार पहले सीजन की तुलना में अधिक मजबूत और आत्मनिर्भर नजर आएगा

उनका कहना है कि, ‘‘ठुकरा के मेरा प्यार’’ सीजन 2 दर्शकों को सीधे एक ऐसी दुनिया में ले जाएगा, जहां मोहब्बत मासूम नहीं रह जाती, बल्कि ताकत की कीमत व्यक्तिगत रूप से चुकानी पड़ती है। यह सीजन 19 जून को JioHotstar पर स्ट्रीम होगा।

इस सीरीज में धवल ठाकुर एक ऐसे इंसान कुलदीप कुमार का किरदार निभाते हुए वापसी कर रहे हैं जो गिल्ट और जुनून के बीच जूझ रहा है। एक ऐसा इंसान जिसने कभी कोई एक ऐसी गलती की थी, जिससे सब कुछ तहस-नहस हो गया और अब एक बार फिर वह खुद को राजनीति, सत्ता और अधूरी भावनाओं के खतरनाक जाल में खिंचता हुआ पाता है।

वहीं संचिता बसु, शानविका चौहान के रूप में और भी ज्यादा धाकड़, दमदार और शक्तिशाली बनकर उभरती हैं। सत्ता के बेरहम गलियारों से गुज़रते हुए वह नियमों को मानने से साफ़ तौर पर इंकार कर देती है, भले ही इसके लिए उसे इस रास्ते में रिश्तों की परिभाषा को ही क्यों न बदलना पड़े।

यह ट्रेलर इस सीजन की एक ऐसी झलक दिखाता है, जो हाई-स्टेक्स पॉलिटिकल ड्रामे, सुलगते हुए बदले, इमोशनल टकराहट और टकरावों से भरा हुआ है। ‘‘जैसे ही सीतापुर महत्वाकांक्षा और विश्वासघात की रणभूमि बन जाता है, कुलदीप और शानविका खुद को एक ऐसे खेल के विपरीत छोर पर पाते हैं. जहां भरोसा बेहद नाज़ुक होता है और इरादे कभी वैसे नहीं होते जैसे दिखाई देते हैं। यह सीजन जज़्बातों के उस तूफान को और भी ज्यादा गहरा करता है जिसने पहले सीजन को एक मिसाल बनाया था, वही दिल का टूटना, वही बदले की आग और एक कमतर आंके गए कमजोर इंसान का हर दीवार लांघकर उभरना। लेकिन इस बार, यह खेल एक बहुत बड़े और कहीं ज्यादा खतरनाक कैनवास पर रचा गया है।

इस बारे में संचिता बसु ने कहा कि “सीजन 2 शानविका को एक ऐसे मोड़ पर ले जाता है जो जज्बाती तौर पर अनकही और अप्रत्याशित है। वह अब पहले से कहीं ज्यादा मजबूत है, खुद को समेटकर रखने वाली और सतर्क है साथ ही लगातार इस उलझन में है कि जब खेल में सत्ता और धोखा शामिल हो जाए, तो फिर प्यार के असली मायने क्या रह जाते हैं। इस सीजन में जिस चीज़ ने मुझे सबसे ज़्यादा रोमांचित किया, वो यह है कि यहां कुछ भी पूरी तरह सही या गलत नहीं है. हर इमोशन अपने साथ एक अंजाम लेकर आता है।’’

कुलदीप कुमार के रूप में वापसी कर रहे धवल ठाकुर ने इस अवसर पर कहा कि, “कुलदीप इस सीजन में अपने अतीत का बोझ उठाता है। वह इमोशनल होने के साथ ही एक अजीब तरह के द्वंद्व में है, वह जो महसूस करता है और जो दुनिया उससे उम्मीद करती है, उसके बीच लगातार फंसा हुआ रहता है। यह ट्रेलर केवल एक झलक दिखाता है कि इस बार उनकी यात्रा जज्बाती और निजी हो जाती है। इस बार कहानी का दायरा भले ही बहुत बड़ा हो गया हो, लेकिन इसके जज्बातों की जो बुनियाद और आत्मा है, उतनी ही सच्ची और जमीनी है।

Created On :   10 Jun 2026 6:40 PM IST

Next Story