Entertainment News: देश के संकट में आगे आए फिल्म इंडस्ट्री के दो दिग्गज, अनुपम खेर और कमल हासन की खास पहल

देश के संकट में आगे आए फिल्म इंडस्ट्री के दो दिग्गज, अनुपम खेर और कमल हासन की खास पहल
पश्चिम एशिया संकट, बढ़ती महंगाई और फ्यूल सेविंग को लेकर देशभर में चर्चा तेज है। ऐसे समय में फिल्म इंडस्ट्री के दो बड़े सितारे अनुपम खेर और कमल हासन अपनी-अपनी पहल की वजह से सुर्खियों में हैं।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। पश्चिम एशिया संकट, बढ़ती महंगाई और फ्यूल सेविंग को लेकर देशभर में चर्चा तेज है। ऐसे समय में फिल्म इंडस्ट्री के दो बड़े सितारे अनुपम खेर और कमल हासन अपनी-अपनी पहल की वजह से सुर्खियों में हैं। एक तरफ अनुपम खेर ने वंदे भारत से सफर कर पब्लिक ट्रांसपोर्ट अपनाने का संदेश दिया, तो वहीं कमल हासन ने फिल्म इंडस्ट्री को फिजूलखर्ची कम करने और स्थानीय संसाधनों के इस्तेमाल की सलाह दी। इतना ही नहीं, हासन ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय से मुलाकात कर फिल्म इंडस्ट्री के हित में कई अहम मांगें भी रखीं।

अनुपम खेर ने किया ट्रेन से सफर

अभिनेता अनुपम खेर जयपुर से दिल्ली के लिए वंदे भारत ट्रेन से रवाना हुए। उन्होंने अपनी फ्लाइट टिकट रद्द करवाकर ट्रेन से सफर करने का निर्णय लिया। अनुपम खेर जयपुर में एक कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम के बाद वे जयपुर रेलवे स्टेशन से वंदे भारत एक्सप्रेस के जरिए दिल्ली रवाना हुए। अनुपम खेर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से अपील की है कि जहां संभव हो, सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें, कारपूलिंग करें और छोटी दूरी के लिए निजी वाहन निकालने से बचें। मुझे प्रधानमंत्री जी की यह बात बहुत सही लगी और उसी सोच के साथ मैं आज जयपुर से दिल्ली वंदे भारत ट्रेन से यात्रा कर रहा हूं। यह कोई बहुत बड़ा त्याग नहीं है, लेकिन अगर हम सब अपनी तरफ से छोटी-छोटी कोशिशें शुरू करें तो उसका असर बड़ा हो सकता है। अनुपम खेर ने लोगों से रोजमर्रा की जिंदगी में छोटे बदलाव लाने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज के समय में जिम्मेदार नागरिक होने का मतलब सिर्फ बातें करना नहीं, बल्कि अपनी आदतों में बदलाव लाना भी जरूरी है। अगर कहीं मेट्रो से जा सकते हैं तो मेट्रो का उपयोग करें और यदि दो लोग एक ही वाहन में सफर कर सकते हैं तो अलग-अलग गाड़ियां निकालने की जरूरत नहीं है। मुझे लगता है देश सेवा सिर्फ सरहद पर नहीं होती। कभी-कभी वह हमारे रोजमर्रा के छोटे-छोटे फैसलों में भी दिखाई देती है और दिखाई देनी चाहिए।

कमल हासन ने 15 मई को खुले पत्र में कहा था कि पश्चिम एशिया संकट और महंगाई का असर फिल्म इंडस्ट्री पर पड़ रहा है। उन्होंने फिजूलखर्ची और विदेशी शूट कम करने की सलाह दी थी। अब इसी मुद्दे को लेकर कमल हासन ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय से मुलाकात कर फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ी कई मांगें रखीं।

-तमिल कंटेंट के लिए सरकारी ओटीटी प्लेटफॉर्म शुरू किया जाए, ताकि लोग सस्ते में फिल्में और डॉक्यूमेंट्री देख सकें।

-फिल्मों पर लगने वाला 4% एंटरटेनमेंट टैक्स खत्म किया जाए, क्योंकि प्रोडक्शन और थिएटर खर्च काफी बढ़ चुके हैं।

-ऑनलाइन पायरेसी रोकने के लिए साइबर क्राइम विभाग में अलग एंटी-पायरेसी यूनिट बनाई जाए।

-राज्य के सिनेमाघरों में हर फिल्म के लिए रोजाना 5 शो चलाने की अनुमति मिले।

-थिएटर बिजनेस बचाने के लिए ओटीटी रिलीज से पहले कम से कम 8 हफ्तों का गैप जरूरी किया जाए।

-फिल्म प्रोडक्शन इंसेंटिव योजना शुरू हो,इससे तमिलनाडु फिर से देश का प्रमुख फिल्म निर्माण केंद्र बन सकेगा।

Created On :   18 May 2026 5:00 PM IST

Tags

Next Story