शुद्ध के लिए युद्ध अभियान दूसरे राज्यों के लिए मिसाल : सिंधिया

- शुद्ध के लिए युद्ध अभियान दूसरे राज्यों के लिए मिसाल : सिंधिया
भोपाल, 15 नवंबर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश में मिलावटखोरों के खिलाफ चलाए जा रहे शुद्ध के लिए युद्ध अभियान की पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश में चलाया जा रहा यह अभियान दूसरे राज्यों के लिए मिसाल है।
रविवार को राजधानी के जेपी अस्पताल में सघन पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत करते हुए सिंधिया ने कहा कि प्रदेश में चलाया जा रहा शुद्ध के लिए युद्ध अभियान अन्य राज्यों के लिए मिसाल है। इस अभियान ने देश में प्रदेश की छवि को निखारा है।
कांग्रेस महासचिव ने कहा कि युवा पीढ़ी का बेहतर भविष्य तभी संभव है, जब खाद्य पदार्थो की शुद्धता बरकरार रहे, बीमारियों में कमी आए और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार हो। उन्होंने इस अभियान को लगातार जारी रखने की सलाह दी।
सिंधिया ने पांच वर्ष तक की उम्र के बच्चों को पोलियो ड्रॉप की खुराक पिलाना जरूरी बताते हुए कहा कि इससे बच्चों का स्वास्थ्य सुरक्षित होगा और भविष्य उज्ज्वल बनेगा।
इस मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी और स्वास्थ्य मंत्री तुलसीराम सिलावट भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में शामिल मंत्रियों और पूर्व केंद्रीय मंत्रियों ने पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने की शपथ ली और हस्ताक्षर अभियान में भाग लेकर अपना समर्थन प्रदर्शित किया।
Created On :   19 Jan 2020 9:00 PM IST