Middle East Tension: अमेरिका ने खारिज किया प्रस्ताव तो भड़का ईरान, कहा- अधिकारों से समझौता नहीं करेंगे

अमेरिका ने खारिज किया प्रस्ताव तो भड़का ईरान, कहा- अधिकारों से समझौता नहीं करेंगे
अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता फिर विवाद में फंस गई। ईरान ने प्रतिबंध हटाने और मुआवजे की मांग रखी है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ता नजर आ रहा है। दोनों देशों के बीच शांति समझौते को लेकर बातचीत में नई मुश्किलें सामने आ गई हैं। अमेरिका चाहता है कि ईरान जल्दी समझौते पर राजी हो जाए, जबकि ईरान अपनी शर्तों पर अड़ा हुआ है। ईरान ने साफ कहा है कि वह बिना प्रतिबंध हटाए और नुकसान की भरपाई के कोई समझौता नहीं करेगा। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के जवाब को पूरी तरह खारिज कर दिया है। इसके बाद दोनों देशों के बीच बयानबाजी और तेज हो गई है। ईरान की सरकारी मीडिया ने भी अमेरिका के प्रस्ताव को एकतरफा और अपमानजनक बताया है।

ईरान ने अमेरिका पर क्या आरोप लगाए

ईरान की सरकारी मीडिया IRIB ने कहा कि अमेरिका का प्रस्ताव ऐसा था, जिसमें ईरान से आत्मसमर्पण की उम्मीद की जा रही थी। ईरान का कहना है कि वह अपने देश की संप्रभुता और अधिकारों से समझौता नहीं करेगा। तेहरान ने यह भी कहा कि कोई भी सिर्फ ट्रंप को खुश करने के लिए फैसला नहीं करेगा। ईरान के मुताबिक, अमेरिका का रवैया दबाव बनाने वाला है।

ईरान ने रखीं कई बड़ी मांगें

ईरान ने अपने जवाब में कई शर्तें रखीं। इनमें युद्ध में हुए नुकसान का मुआवजा, सभी अमेरिकी प्रतिबंध हटाना, ईरानी संपत्तियों को अनफ्रीज करना और तेल बेचने की पूरी अनुमति शामिल है। इसके अलावा ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट से अमेरिकी रोक हटाने और लेबनान में सीजफायर की भी मांग की। ईरान चाहता है कि समझौते के बाद युद्ध तुरंत खत्म हो।

ट्रंप ने जवाब को बताया अस्वीकार्य

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के जवाब पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि ईरान की प्रतिक्रिया अमेरिका के लिए पूरी तरह अस्वीकार्य है। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा कि ईरान कई सालों से दुनिया को सिर्फ टालने की कोशिश करता रहा है। उन्होंने कहा कि अब अमेरिका पहले जैसा रवैया नहीं अपनाएगा और ईरान को सख्त जवाब मिलेगा।

Created On :   11 May 2026 9:20 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story