Nepal News: बाल-बाल बचे 277 यात्री, लैंडिंग के दौरान टायर में लगी आग, काठमांडू एयरपोर्ट पर टला बड़ा हादसा

बाल-बाल बचे 277 यात्री, लैंडिंग के दौरान टायर में लगी आग, काठमांडू एयरपोर्ट पर टला बड़ा हादसा
काठमांडू एयरपोर्ट पर टर्किश एयरलाइंस विमान के टायर में लैंडिंग के दौरान आग लग गई। इमरजेंसी टीम ने आग बुझाकर 277 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। नेपाल की राजधानी काठमांडू के त्रिभुवन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सोमवार सुबह बड़ा हादसा टल गया। इस्तांबुल से आया तुर्की एयरलाइंस का विमान लैंडिंग के दौरान अचानक आग की चपेट में आ गया। विमान के दाहिने टायर से धुआं और आग निकलती दिखाई दी, जिससे एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल और इमरजेंसी टीम मौके पर पहुंची। टीम ने तेजी से आग बुझाई और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। विमान में कुल 277 यात्री सवार थे। घटना के बाद जांच शुरू कर दी गई और कुछ समय के लिए एयरपोर्ट का संचालन भी रोक दिया गया।

लैंडिंग के समय लगी आग

अधिकारियों के अनुसार, विमान जैसे ही रनवे पर उतरा उसके दाहिने लैंडिंग गियर के टायर में आग लग गई। आग और धुआं देखकर एयरपोर्ट पर मौजूद कर्मचारी तुरंत सतर्क हो गए। इमरजेंसी टीम ने बिना देर किए आग पर काबू पा लिया।

सभी यात्री सुरक्षित निकाले गए

विमान रुकते ही इमरजेंसी गेट खोले गए। सभी यात्रियों को तेजी से बाहर निकाला गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी यात्री या चालक दल के सदस्य को चोट नहीं आई। अधिकारियों ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

कुछ देर बंद रहा एयरपोर्ट

घटना के बाद एयरपोर्ट का एकमात्र रनवे खाली कराया गया। जांच और सुरक्षा कारणों से कुछ समय तक एयरपोर्ट बंद रखा गया। कई उड़ानों को रोका गया और कुछ विमानों की लैंडिंग में देरी हुई। नेपाल में पहाड़ी मौसम और खराब दृश्यता के कारण उड़ान संचालन अक्सर चुनौतीपूर्ण माना जाता है।

यह भी पढ़े -पाकिस्तान गैर भरोसेमंद देश, अमेरिका मुनीर से किए गए वादे को निभाने के लिए मजबूर नहीं पेंटागन के पूर्व अधिकारी

Created On :   11 May 2026 12:52 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story