US-Iran Tension: अमेरिका द्वारा भेजे गए प्रस्ताव का ईरान ने पाकिस्तान के जरिए भेजा जवाब, इन मुद्दों पर जल्द बन सकती है सहमति?

डिजिटल डेस्क, तेहरान। पश्चिम एशिया में सीजफायर होने के बाद भी तनाव जारी है। इस बीच जानकारी मिली है कि अमेरिका द्वारा ईरान को भेजे एक प्रस्ताव का तेहरान ने जवाब दे दिया है। यह प्रस्ताव जंग को स्थायी रूप से समाप्त करने के लिए अमेरिका ने पाकिस्तान के जरिए ईरान को भेजा था, जिसका जवाब भी इसी माध्यम में दिया गया है। यानी पाकिस्तान को यह जवाब सौंपा गया है, जिसे अमेरिका भेजा जाएगा।
प्रस्ताव पर ट्रंप ने क्या कहा था?
गौरतलब है कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को बताया था कि उन्हें पूरी उम्मीद है कि जल्द ही ईरान को भेजे गए प्रस्ताव पर प्रतिक्रिया मिलेगी। जिसका मकसद दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव और युद्ध जैसी स्थिति को खत्म करना है। हालांकि, तेहरान के तरफ से संकेत मिले थे कि वह फिलहाल इस प्रस्ताव की समीक्षा कर रहा है। ट्रंप के मुताबिक, "मुझे उम्मीद है कि रात तक एक पत्र मिलेगा। देखते हैं आगे क्या होता है।"
अमेरिका ने प्रस्ताव में क्या भेजा?
अमेरिका की तरफ से ईरान को भेजे गए प्रस्ताव में एक पेज का 14 सूत्रीय ज्ञापन बताया जा रहा है। इसका उद्देश्य मौजूदा संघर्ष पर विराम लगाना और वॉशिंगटन-तेहरान के बीच फिर से औपचारिक वार्ता शुरू होना है। यह भी बताया जा रहा है कि ईरान से प्रस्ताव के तहत अपने परमाणु संवर्धन गतिविधियों पर रोक लगा सकता है। वहीं, अमेरिका द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों पर ढील देने और ईरान की अरबों डॉलर की फ्रीज की गई संपत्तियों को रिलीज करने पर सोच सकता है।
ईरान ने क्या कहा?
ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया, "हम कभी भी दुश्मन के सामने सिर नहीं झुकाएंगे, और अगर संवाद या बातचीत की बात उठती है, तो तो इसका मतलब आत्मसमर्पण या पीछे हटना नहीं है बल्कि, हमारा लक्ष्य ईरान को अधिकारों को कायम रखना और राष्ट्रीय हितों को पूरी मजबूती के साथ रक्षा करना है।"
Created On :   10 May 2026 7:54 PM IST













