लड़ाकू विमान लापता: अमेरिका का सबसे घातक लड़ाकू विमान एफ-35 हुआ लापता, पायलट ने कूदकर बचाई जान, खोजने के लिए आम लोगों से सहायता मांग रहे सैन्य अधिकारी

अमेरिका का सबसे घातक लड़ाकू विमान एफ-35 हुआ लापता, पायलट ने कूदकर बचाई जान, खोजने के लिए आम लोगों से सहायता मांग रहे सैन्य अधिकारी
  • लापता हुआ घातक लड़ाकू विमान एफ-35
  • चार्ल्सटन के इलाके में हुआ दुर्घटनाग्रस्त
  • पायलट ने कूदकर बचाई जान

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिकी वायुसेना के सबसे घातक लड़ाकू विमानों में शुमार एफ-35 दुर्घटना के बाद लापता हो गया। जानकारी के मुताबिक, अमेरिकी नेवी के अधिकारियों ने करोड़ों डॉलर के इस फाइटर जेट के बारे में पता लगाने के लिए आम जनता से मदद की अपील की है। द गार्डियन की रिपोर्ट के अनुसार, विमान उड़ान के दौरान ही गायब हो गया है। दक्षिण कैरोलिना के नॉर्थ चार्ल्‍सटन एयरबेस से टेकऑफ करने के बाद से ही इसका कुछ पता नहीं लग रहा है। सेना के अधिकारियों ने बताया कि, इसमें सवार पायलट ने पैराशूट से कूदकर अपनी जान बचाई है। मरीन कॉप्स पायलट रविवार की दोपहर उत्तरी चार्ल्सटन के ऊपर एफ-35B लाइटनिंग II जेट से खुद को सुरक्षित बचाने में सफल रहे। रिपोर्ट में बताया गया है कि दुर्घटना में बचे पायलट अभी अस्पताल में भर्ती हैं, उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। हालांकि अभी उसका नाम सार्वजनिक नहीं किया गया है। बता दें कि इस लड़ाकू विमान का निर्माण लॉकहीड मार्टिन द्वारा किया जाता है। एफ-35 की खासियत है कि यह छिपकर मिशन को पूरा करने में सक्षम होता है।

लोगों से मांगी सहायता

नेवी ज्वाइंट बेस के अधिकारी ने बताया कि, 'लापता विमान को खोजने के लिए संघीय विमानन नियामकों के साथ मिलकर सर्च अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान विमान लापता होने के स्थान और उसके मार्ग के आधार पर चार्ल्सटन शहर के उत्तर में स्थित दो झीलों के आसपास चलाया जा रहा है।' वहीं नेवी ज्वाइंट बेस के प्रमुख ने चार्ल्सटन शहर की जनता से भी लापता विमान का पता लगाने में सहायता करने की अपील की है।

नेवी ज्वाइंट बेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया कि, 'यदि आपके पास एफ-35 के बारे में कुछ जानकारी है तो हमारी टीमों को इसका पता लगाने में सहायता कर सकते हैं।' इस पोस्ट में ज्वाइंट बेस चार्ल्सटन ने एक नंबर भी शेयर किया है। जिस पर आप लापता विमान के बारे में कोई भी जानकारी दे सकते हैं।

संयुक्त बेस चार्ल्सटन के सीनियर मास्टर सार्जेंट हीथर स्टैंटन ने बताया कि लापता विमान के स्थान और उसके मार्ग के आधार पर, F-35 लाइटनिंग II जेट की खोज मोल्ट्री और मैरियन झील पर केंद्रित है। दोनों झीलें चार्ल्सटन के उत्तर में स्थित हैं।

सोशल मीडिया पर लोग दे रहे कड़ी प्रतिक्रिया

संयुक्त बेस चार्ल्सटन के सीनियर मास्टर सार्जेंट हीथर स्टैंटन ने बताया कि क्षेत्र में कुछ खराब मौसम साफ होने के बाद दक्षिण कैरोलिना कानून प्रवर्तन प्रभाग का एक हेलीकॉप्टर F-35 की खोज में लगाया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। वहीं इतने ताकतवर लड़ाकू विमान का इस तरह लापता होना सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। यूजर्स इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कांग्रेस मेंबर नैन्सी मेस ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, 'आखिर आप एफ-35 फाइटर जेट को ऐसे कैसे गंवा सकते हैं? वो ट्रैक हो सके इसके लिए उसमें कोई ट्रैकिंग डिवाइस क्यों नहीं है? और इतने में हम जनता से कह रहे हैं कि इस जेट को ढूंढने में मदद करें। '

Created On :   18 Sep 2023 10:25 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story