US Iran War: ईरान की मिसाइल से कांपा अमेरिकी F-16? इमरजेंसी लैंडिंग के दावे पर अमेरिका का पलटवार

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में ईरान और अमेरिका के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ता नजर आ रहा है। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के आसपास जारी टकराव के बीच ईरान ने दावा किया है कि उसकी सेना ने फारस की खाड़ी के ऊपर उड़ रहे अमेरिकी F-16 लड़ाकू विमान को निशाना बनाया। ईरान के मुताबिक, एयर डिफेंस सिस्टम से दागी गई मिसाइल विमान के करीब जाकर फटी, जिससे उसे नुकसान पहुंचा और पायलट को इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। हालांकि, अमेरिका ने तेहरान के इस दावे को पूरी तरह बेबुनियाद बताया है।
ईरानी सरकारी न्यूज एजेंसी तसनीम की रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना शुक्रवार रात की है। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की ओर से जारी बयान में बताया गया कि देश में विकसित एयर डिफेंस सिस्टम ने फारस की खाड़ी के ऊपर उड़ान भर रहे अमेरिकी F-16 विमान की पहचान की थी। इसके बाद विमान को निशाना बनाते हुए मिसाइल दागी गई।
ईरानी सेना का कहना है कि मिसाइल अमेरिकी लड़ाकू विमान के बेहद नजदीक जाकर फटी, जिससे जेट को नुकसान पहुंचा। इसके बाद पायलट को अपना मिशन बीच में ही रोकना पड़ा और नजदीकी एयरबेस पर आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी। हालांकि, ईरान ने उस एयरबेस की पहचान सार्वजनिक नहीं की है।
यह भी पढ़े -तीन महाशक्तियों के नेताओं की बैठक पर भारत का बयान, बांग्लादेश से लेकर रोहिंग्या मुद्दे तक पर रखी बात
अमेरिका ने ईरान के दावे को बताया झूठा
ईरान की ओर से अमेरिकी फाइटर जेट को नुकसान पहुंचाने का दावा किए जाने के बाद अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने सफाई जारी की। अमेरिकी कमांड ने IRGC के दावे को पूरी तरह गलत बताते हुए कहा कि शुक्रवार को किसी भी अमेरिकी F-16 विमान पर हमला नहीं हुआ।
CENTCOM के मुताबिक, मिडिल ईस्ट में तैनात अमेरिका के सभी सैन्य लड़ाकू विमान सुरक्षित हैं। इस तरह ईरान और अमेरिका के दावों में विरोधाभास सामने आया है। फिलहाल, अमेरिकी विमान को नुकसान पहुंचने और उसकी इमरजेंसी लैंडिंग को लेकर दोनों देशों की ओर से अलग-अलग बातें कही जा रही हैं।
यह भी पढ़े -आभासीय दुनिया में बच्चों को परफेक्ट बनाने का दबाव बढ़ा रहा माता-पिता की चिंता, डॉ. लोहिया ने कहा - धैर्यवान बनाएं
अमेरिकी रीपर ड्रोन मार गिराने का भी दावा
इस विवाद के बीच ईरान की आईआरजीसी ने एक अलग दावा करते हुए कहा कि उसके एयर डिफेंस सिस्टम ने होर्मुज स्ट्रेट के ऊपर एक अमेरिकी 'MQ-9 रीपर' ड्रोन को भी मार गिराया है। IRGC के अनुसार, उसकी एयरोस्पेस फोर्स ने हवाई गतिविधियों की निगरानी के दौरान एक नए एयर डिफेंस सिस्टम का इस्तेमाल कर इस मानवरहित विमान को निशाना बनाया। ईरान के अनुसार अब तक उसने अमेरिका के 58 ड्रोनों को नष्ट किया है।
Created On :  

