US-Iran Conflict: अमेरिका-ईरान युद्ध पर लग सकता है ब्रेक! होर्मुज स्ट्रेट खोलने के लिए तेहरान ने बताया दो दिन का प्लान

अमेरिका-ईरान युद्ध पर लग सकता है ब्रेक! होर्मुज स्ट्रेट खोलने के लिए तेहरान ने बताया दो दिन का प्लान
लंबे समय से जारी अमेरिका-ईरान युद्ध पर अब ब्रेक लगने के संकेत मिले हैं। इसको लेकर ईरानी विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने बताया कि अमेरिका के साथ बातचीत का रास्ता खुल गया है।

डिजिटल डेस्क, तेहरान। लंबे समय से जारी अमेरिका-ईरान युद्ध पर अब ब्रेक लगने के संकेत मिले हैं। इसको लेकर ईरानी विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने बताया कि अमेरिका के साथ बातचीत का रास्ता खुल गया है। उन्होंने आगे बताया कि अमेरिका के साथ चल रही बातचीत में 'न युद्ध, न शांति' वाली स्थिति को समाप्त करने के लिए सहमति बनी है। साथ ही बताया कि तेहरान एक 'अच्छे, सम्मानजनक और गरिमापूर्ण समझौते' की अपेक्षा रखता है।

होर्मुज स्ट्रेट को खोलने पर विचार

अब्बास अराघची का कहना है कि ईरान अमेरिका के साथ बातचीत के माध्यम से मौजूदा 'न युद्ध, न शांति' की स्थिति को खत्म करने के लिए तैयार है। उन्होंने आगे बताया कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को दोबारा खोलने का ईरान का दो दिवसीय प्रस्ताव भी फिलहाल विचाराधीन है। उन्होंने आगे स्पष्ट करते हुए कहा कि ईरान ऐसी कोई भी डील स्वीकार नहीं करने वाला है, जिसकी वजह से उसके सम्मान को ठेस पहुंचे या जंग के मैदान में मिली जीत कमजोर पड़े।

अमेरिका को लेकर क्या बोले?

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, हाल ही में ईरानी मीडिया से बातचीत के दौरान अब्बास अराघची ने बताया कि उनका देश कूटनीति के जरिए एक ऐसा स्थायी समझौता चाहता है, जिससे उसके राष्ट्रीय हितों की रक्षा हो और भविष्य में किसी नए युद्ध को रोका जा सके। उन्होंने यह भी बताया कि इसके लिए जरूरी है कि अमेरिका स्पष्ट तौर पर डील की इच्छा जाहिर करे। साथ ही भरोसा बहाल करने के लिए अहम कदम उठाए।

दो दिन अमेरिका को क्या करना है?

रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान ने जारी संघर्ष को समाप्त करने और होर्मुज स्ट्रेट को फिर से खोलने के लिए सात दिन की योजना पेश की थी। इसके बाद इसे घटाकर दो दिन कर दिया गया था। अराघची ने बताया कि इस योजना के तहत पहले दिन अमेरिका को अपनी प्रतिबद्धताओं को पूरा करना पड़ेगा। इसमें हाल ही में लगाए गए प्रतिबंधों को हटाना भी शामिल है। इसके बाद दूसरे दिन ईरान होर्मुज स्ट्रेट को खोल देगा। इसके साथ ही अमेरिका के साथ बातचीत शुरू करेगा।

अमेरिका से नहीं मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया

रिपोर्ट में आगे बताया गया है कि ईरान के इस प्रस्ताव पर अमेरिका की तरफ से सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिली है। आगे बताया गया है कि यदि वॉशिंगटन वास्तव में किसी डील को लेकर गंभीर है, तो यह प्रस्ताव उसके लिए आज भी खुला है। ईरानी विदेश मंत्री ने बताया कि अगर होर्मुज स्ट्रेट को खोलना है, तो इसके लिए उसकी सात शर्तों को पूरा करना जरूरी है। हालांकि, उनकी तरफ से बताया गया है कि इन सात शर्तों को लागू करने के तरीकों और समय-सीमा पर बातचीत जारी है।

Created On :  

Tags

Next Story