America News: ट्रंप का बड़ा चुनावी दांव, रिपब्लिकन की जीत पर हर अमेरिकी को 5,000 डॉलर देने का दावा

ट्रंप का बड़ा चुनावी दांव, रिपब्लिकन की जीत पर हर अमेरिकी को 5,000 डॉलर देने का दावा
ट्रंप ने रिपब्लिकन की जीत पर हर वयस्क अमेरिकी को 5,000 डॉलर देने का वादा किया है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका में मध्यावधि चुनाव से पहले डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा चुनावी वादा किया है। उन्होंने कहा कि अगर रिपब्लिकन पार्टी नवंबर के चुनाव में प्रतिनिधि सभा और सीनेट, दोनों पर अपना कब्जा बनाए रखती हैतो हर वयस्क अमेरिकी को 5,000 डॉलर दिए जाएंगे। ट्रंप ने इसे ‘ट्रंप डिविडेंड’ नाम दिया है। यह घोषणा ऐसे समय हुई है जब कई सर्वे में रिपब्लिकन पार्टी की स्थिति कमजोर दिखाई जा रही है। महंगाई, महंगी चीजों और ईरान के साथ युद्ध को लेकर भी ट्रंप पर सवाल उठ रहे हैं। इसके बावजूद ट्रंप ने अपने समर्थकों से रिपब्लिकन उम्मीदवारों के लिए पूरी ताकत से वोट करने की अपील की।

रिपब्लिकन जीते तो मिलेंगे 5,000 डॉलर

ट्रंप ने डैलस में पार्टी के कार्यक्रम में कहा कि रिपब्लिकन जीतते हैं तो आम लोगों को भी इसका फायदा मिलेगा। उन्होंने हर वयस्क को 5,000 डॉलर देने की बात कही। इस योजना पर करीब 1 ट्रिलियन डॉलर खर्च हो सकता है। इतनी बड़ी रकम का इंतजाम कैसे होगा, ट्रंप ने इसकी साफ जानकारी नहीं दी। उन्होंने कहा कि अमेरिका इस समय काफी पैसा कमा रहा है।

ट्रंप बोले- मानिए मैं भी चुनाव लड़ रहा हूं

ट्रंप ने अपने समर्थकों से कहा कि नवंबर का चुनाव ऐसे लड़ें जैसे वह खुद भी बैलेट पर मौजूद हैं। उन्होंने इस बात को कई बार दोहराया। यह बयान उस समय आया है जब सर्वे में उनकी लोकप्रियता कम दिख रही है। कुछ सर्वे में उनकी अप्रूवल रेटिंग करीब 30% तक बताई गई है। महंगाई और बढ़ती कीमतें भी उनके लिए बड़ी चिंता बनी हुई हैं।

ईरान युद्ध और टैरिफ का किया बचाव

आपको बता दें कि, भाषण में ट्रंप ने ईरान के साथ चल रहे युद्ध का भी बचाव किया है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि ईरान परमाणु हथियार बनाने के करीब पहुंच रहा था, इसलिए कार्रवाई जरूरी थी। उन्होंने उम्मीद जताई कि युद्ध खत्म होने के बाद तेल की कीमत कम हो सकती है। ट्रंप ने होर्मुज स्ट्रेट का नाम बदलने की बात भी कही। इसके साथ ही उन्होंने दूसरे देशों पर लगाए गए टैरिफ को सही बताया और कहा कि आगे इसका फायदा अमेरिका को मिलेगा।

Created On :   10 Sept 2026 10:36 AM IST

Tags

Next Story