Hamas Attack: हमास के हमले का 10 दिन पहले खुलासा? UAE राष्ट्रपति ने नेतन्याहू को दी थी सीधी जानकारी

हमास के हमले का 10 दिन पहले खुलासा? UAE राष्ट्रपति ने नेतन्याहू को दी थी सीधी जानकारी
हमास ने इजरायल पर 7 अक्टूबर, 2023 को हमला किया था। इसको लेकर खुफिया चेतावनियों पर नया दावा सामने आया है।

डिजिटल डेस्क, यरूशलम। हमास ने इजरायल पर 7 अक्टूबर, 2023 को हमला किया था। इसको लेकर खुफिया चेतावनियों पर नया दावा सामने आया है। हारेत्ज ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि इस अटैक से लगभग 10 दिन पहले संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद ने प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को फोन कर चेतावनी दी थी कि हमास इजरायल पर बड़ा हमला करने की फिराक में है।

45 मिनट तक चली थी चर्चा?

यह रिपोर्ट मीडियाकर्मी श्लोमी एल्डर और रूथ युवाल की नई किताब 'Kidnapped: 843 Days of Abandonment' पर आधारित है, जिसमें इजरायल और दुनिया के कई वरिष्ठ अधिकारियों समेत दर्जनों नागरिकों से बातचीत का हवाला दिया गया है। इसमें बताया गया है कि सितंबर के आखिर में नेतन्याहू और मोहम्मद बिन जायद के बीच लगभग 45 मिनट तक चर्चा चली थी।

45 मिनट क्या हुई बातचीत?

रिपोर्ट में बताया गया है कि यूएई राष्ट्रपति को हमास के नेता याह्या सिनवार से संबंधित एक सूत्र के जरिए पता चला था कि इजरायल पर हमला होने वाला है। बताया जा रहा है कि याह्या सिनवार कथित तौर पर इजरायल के साथ बंधक रिहाई वार्ता आगे नहीं बढ़ रही थी, इसी वजह से वह नाराज था। उसने एक वरिष्ठ अधिकारी से कहा था कि यदि यह बातचीत आगे नहीं बढ़ती है, तो ऐसे में वह इजरायल को 'बहुत बड़ा सरप्राइज' देने वाला है, जो तैयार है। साथ ही कहा था कि उन्हें 'भूकंप' के लिए तैयार रहना चाहिए।

नेतन्याहू को दी थी खतरे की सीधी जानकारी

यह जानकारी मिलने के बाद यूएई नेतृत्व को लगा कि हमास ने युद्ध की पूरी तैयारी कर ली है। रिपोर्ट में आगे बताया गया है कि सितंबर के बीच में यह चेतावनी इजरायल की शिन बेट तक भी पहुंचाई गई थी। इसके बाद वहां के अधिकारियों ने इस पर चर्चा भी की थी, लेकिन इसे गाजा के जरिए होने वाले हमले से बड़ा नहीं समझा गया था। रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि इस खतरे की सीधी जानकारी नेतन्याहू को मोहम्मद बिन जायद ने दी थी।

Created On :   8 Sept 2026 3:22 PM IST

Tags

Next Story