France News: महिला कर्मचारियों के विरोध से एफिल टावर बंद, BAPS के दौरे के बाद मचा विवाद, जांच के आदेश

महिला कर्मचारियों के विरोध से एफिल टावर बंद, BAPS के दौरे के बाद मचा विवाद, जांच के आदेश
पेरिस के एफिल टावर में महिलाओं को काम की जगह से हटाने के आरोप के बाद कर्मचारियों ने विरोध किया। विवाद पर BAPS ने खेद जताया और जांच शुरू हुई।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। फ्रांस का मशहूर एफिल टावर तय समय पर नहीं खुल सका। यहां काम करने वाले कर्मचारियों ने एक घटना के विरोध में बैठक की थी। मामला शनिवार का है जब BAPS से जुड़े करीब 100 लोगों का निजी दौरा हुआ था। आरोप है कि इस दौरान कुछ महिला कर्मचारियों को अपनी जगह से हटने के लिए कहा गया। उनकी जगह पुरुष कर्मचारियों को खड़ा किया गया। इस बात से कर्मचारियों में नाराजगी फैल गई। सोमवार सुबह उन्होंने बैठक कर प्रबंधन के सामने अपनी बात रखी। मामला बढ़ने के बाद पेरिस प्रशासन ने भी जांच शुरू कर दी है। प्रबंधन ने कर्मचारियों से माफी मांगी है।

महिला कर्मचारियों को हटाने का आरोप

यूनियन की प्रतिनिधि डायने डावोइन ने बताया कि BAPS के लोगों के आने के समय कुछ महिला कर्मचारियों को उनकी जगह छोड़ने को कहा गया। उनकी जगह पुरुष कर्मचारियों को तैनात किया गया। कर्मचारियों को यह बात ठीक नहीं लगी। उनका कहना है कि काम की जगह पर पुरुष और महिला कर्मचारियों के साथ अलग व्यवहार नहीं होना चाहिए।

विरोध के बाद टावर खुलने में हुई देरी

इस घटना के बाद कर्मचारियों में नाराजगी बनी रही। सोमवार सुबह उन्होंने बैठक बुलाई। इसमें प्रबंधन से इस मामले पर जवाब मांगा गया। साथ ही कर्मचारियों ने कहा कि आगे ऐसी घटना नहीं होनी चाहिए। बैठक के कारण एफिल टावर को खोलने में देरी हुई। प्रबंधन ने कर्मचारियों से माफी भी मांगी।

BAPS ने जताया खेद, जांच शुरू

BAPS ने कहा कि दौरा एफिल टावर के अधिकारियों से बातचीत के बाद तय हुआ था। संगठन ने कहा कि उसका मकसद आम लोगों को कम परेशानी देना था। BAPS ने कहा कि उसे महिला कर्मचारियों से जुड़ी ऐसी किसी घटना की जानकारी नहीं थी। फिर भी संगठन ने विवाद पर दुख जताया और किसी को परेशानी हुई हो तो माफी मांगी। पेरिस के मेयर इमैनुएल ग्रेगोआर ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। एफिल टावर चलाने वाली कंपनी SETE ने भी माना कि महिलाओं से कम बातचीत की मांग की गई थी और ऐसी शर्त मानना सही नहीं था।

Created On :   8 Sept 2026 10:03 AM IST

Tags

Next Story