Israel-Lebanon Tension: इजरायल ने दक्षिणी लेबनान स्थित हिज्बुल्लाह के ठिकानों पर किया जोरदार अटैक, 27 लोगों की मौत, 69 घायल

डिजिटल डेस्क, यरूशलम। इजरायल लगातार लेबनान पर हमले कर रहा है। इसी क्रम में उसने एक ताजा हमला किया है। इसमें कम से कम 27 लोगों के मारे जाने की खबर सामने आई है। लेबनान के पब्लिक हेल्थ इमरजेंसी ऑपरेशन्स सेंटर ने एक बयान जारी किया है। इसमें मौतों के आंकड़ों की पुष्टि की गई, जबकि 69 लोगों के घायल होने की जानकारी दी है। घायलों में बच्चे, महिलाएं और मेडिकल स्टाफ शामिल हैं।
हजारों में पहुंचा मौतों का आंकड़ा
सेंटर ने यह बयान सोमवार को जारी किया है। इसमें बताया गया कि 2 मार्च से लगातार इजरायली हमले जारी हैं। इनमें कुल 4,381 नागरिकों की मौत हो गई है, जबकि 12,402 घायल हो गए हैं। सेंटर ने आगे बताया कि 8 अक्टूबर, 2023 से अब तक इजरायली हमलों में मौतों का आंकड़ा बढ़कर 8,948 तक पहुंच गया है और 30,638 लोग घायल हो गए हैं।
समझौते का उल्लंघन
रविवार की सुबह इजरायली डिफेंस फोर्स (आईडीएफ) ने आरोप लगाया था कि दक्षिणी लेबनान ने समझौते का उल्लंघन किया था। इसी के जवाब में यह हमला किया गया है। आईडीएफ ने अपने आरोपों में कहा था कि उनकी सेना पर हिज्बुल्लाह के लड़ाकों ने ड्रोन से हमला किया था। इसे लेकर इजरायल ने समझौते का उल्लंघन करना बताया था।
यह भी पढ़े -इजरायली सेना के ऑपरेशन में पांच आतंकी गिरफ्तार, 30 हथियार बनाने वाली मशीनें नष्ट, पीएम नेतन्याहू ने की सराहना
इजरायली सेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर किया था। इसमें बताया गया, "हिज्बुल्लाह के लड़ाकों ने दक्षिणी लेबनान के सुरक्षा क्षेत्र में अभियान चला रहे इजरायली रक्षा बल (आईडीएफ) के सैनिकों की ओर दो ड्रोन भेजे। आईडीएफ के सैनिकों ने जवाबी फायरिंग की और एक ड्रोन को मार गिराया। इस घटना में किसी भी आईडीएफ सैनिक के घायल होने की सूचना नहीं है। इसके जवाब में आईडीएफ अब दक्षिणी लेबनान में हमले कर रहा है।"
इजरायली सेना ने इन ठिकानों पर किया अटैक
आईडीएफ ने उल्लंघन के आरोप में हिज्बुल्लाह के लड़ाकों और हथियारों के भंडारण स्थलों को टारगेट किया था। उन्होंने आगे बताया कि इन ठिकानों का इस्तेमाल उनके खिलाफ साजिश रचने और हमले करने के लिए किया जा रहा था। इसके लिए जवाबी कार्रवाई की गई।
Created On :   8 Sept 2026 10:43 AM IST













