विदेश दौरा: विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर दो दिवसीय दौरे पर मंगोलिया की राजधानी उलानबटार पहुंचे

विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर दो दिवसीय दौरे पर मंगोलिया की राजधानी उलानबटार पहुंचे
यात्रा का मकसद दोनों देशों के बीच सहयोग को मजबूत करना, इसके बाद दक्षिण कोरिया की भी यात्रा करेंगे

डिजिटल डेस्क, भोपाल। भारतीय विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर दो दिवसीय दौरे के लिए सोमवार को मंगोलिया की राजधानी उलानबटार पहुंच गए। मंगोलिया पहुंचने पर वहां के स्टेट सेक्रेटरी मुंकतुशिग इल्खानाजाव ने डॉ जयशंकर का भव्य स्वागत किया। इसे लेकर विदेश मंत्री जयशंकर ने बताया कि उनकी इस विदेश यात्रा का मकसद दोनों देशों के बीच सहयोग को मजबूत करना है। आपको बता दें मंगोलिया की यात्रा के बाद विदेश मंत्री दक्षिण कोरिया का भी दौरा करेंगे।

डॉ. जयशंकर ने एक सोशल मीडिया पोस्‍ट में यह जानकारी साझा की। उन्‍होंने कहा आज मंगोलिया पहुँचकर खुशी हुई। गर्मजोशी से स्वागत के लिए स्टेट सेक्रेटरी मुंकतुशिग इल्खानाजाव का धन्यवाद। उन्होंने ये भी कहा वे भारत और मंगोलिया के बीच विशेष साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए एक सार्थक वार्ता की आशा करते हैं। इस यात्रा के दौरान विदेश मंत्री मंगोलिया के नेतृत्‍व के साथ मुलाकात करेंगे।

विदेश मंत्रालय से मिली जानकारी के अनुसार, मंगोलिया दौरे के दौरान विदेश मंत्री एस जयशंकर मंगोलिया की विदेश मंत्री बतमुनख बटसेसेग के साथ द्विपक्षीय मुद्दों पर वार्ता करेंगे। इसके बाद यात्रा के दूसरे चरण में विदेश मंत्री बुधवार और गुरुवार को 24 और 25 जून को दक्षिण कोरिया का दौरा करेंगे। इस दौरान उनकी दक्षिण कोरिया के विदेश मंत्री चो ह्यून के साथ चर्चा होगी। डॉ. जयशंकर दक्षिण कोरिया के जेजू में आयोजित ‘जेजू शांति और समृद्धि मंच’ में मुख्य भाषण भी देंगे।

Created On :   22 Jun 2026 2:57 PM IST

Tags

Next Story