Donald Trump On Cuba: 'ये नाकाम देश है...', डोनाल्ड ट्रंप ने अब इस देश पर साधा निशाना, राष्ट्रपति पर भी लगाए प्रतिबंध

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने क्यूबा को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने क्यूबा को 'नाकाम' देश बताया है। साथ ही उन्होंने कहा है कि क्यूबा इस वक्त गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहा है और वहां की स्थिति काफी ज्यादा खराब होती जा रही है। ट्रंप ने ये भी कहा है कि ईरान से जुड़े मौजूदा मामलों पर भी काम पूरा होने के बाद उनकी सरकार क्यूबा पर ज्यादा ध्यान दे सकती है।
नए प्रतिबंधों का भी किया ऐलान
ट्रंप प्रशासन की तरफ से क्यूबा के राष्ट्रपति मिगुएल डियाज कैनेल, उनकी पत्नी और उनसे जुड़े कुछ अन्य लोगों पर नए प्रतिबंध लगाए गए हैं। माना जा रहा है कि इन प्रतिबंधों के जरिए अमेरिका क्यूबा की सरकार पर दबाव बढ़ाना चाहता है। गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने क्यूबा को एक नाकाम देश बताया। जब उनसे पूछा गया कि क्या क्यूबा पतन के करीब पहुंच चुका है, तो उन्होंने कहा कि देश लगभग टूटने की स्थिति में है और वहां की व्यवस्था पहले से ही काफी कमजोर हो चुकी है।
वेनेजुएला की मदद बंद होने का असर
ट्रंप का कहना है कि क्यूबा की मौजूदा परेशानियों की एक बड़ी वजह वेनेजुएला से मिलने वाली मदद में कमी आना है। उनके मुताबिक, कई सालों तक वेनेजुएला ने क्यूबा को आर्थिक और ऊर्जा सहायता दी, जिससे वहां की व्यवस्था चलती रही। लेकिन अब हालात बदल चुके हैं और क्यूबा को इसका सीधा असर झेलना पड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि देश में ईंधन, पैसे और जरूरी संसाधनों की भारी कमी है। ट्रंप के अनुसार, क्यूबा के लोग आर्थिक तंगी का सामना कर रहे हैं और सरकार के सामने हालात संभालना भी बड़ी चुनौती बन गया है।
यह भी पढ़े -अमेरिकी कोयला उद्योग में 6700 करोड़ रुपए निवेश की घोषणा, ट्रंप बोले-हर साल 1.2 करोड़ टन निर्यात का लक्ष्य
लोगों के लिए बेहतर हालात चाहते हैं ट्रंप
क्यूबा सरकार को लेकर पूछे गए सवाल पर ट्रंप ने कहा कि अमेरिका की इच्छा सिर्फ इतनी है कि क्यूबा अपने नागरिकों की जरूरतें पूरी कर सके। उन्होंने कहा कि वहां के लोगों को भरपेट खाना मिले, अर्थव्यवस्था मजबूत हो और देश बेहतर तरीके से चलाया जाए। लंबे समय तक क्यूबा बाहरी मदद के सहारे चलता रहा, लेकिन अब जब वह सहारा कमजोर पड़ रहा है तो वहां की आर्थिक और राजनीतिक चुनौतियां खुलकर सामने आ रही हैं।
Created On :   5 Jun 2026 11:22 AM IST












