World Conflicts: जंग की आग में धधक रहे दुनियाभर के ये देश! ईरान-इजरायल समेत इन जगहों के लोग परेशान, यहां देखें उन देशों की लिस्ट

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। इस समय दुनिया के अलग-अलग क्षेत्रों में तनाव और युद्ध जैसी स्थिति बनी हुई है। कई जगहों पर सीधी लड़ाई चल रही है, जिससे वैश्विक सुरक्षा और अर्थव्यवस्था दोनों प्रभावित हो रही हैं। खासतौर पर मिडिल ईस्ट, दक्षिण एशिया, यूरोप और पूर्वी एशिया में हालात काफी गंभीर बताए जा रहे हैं।
मिडिल ईस्ट में अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच टकराव
मिडिल ईस्ट में हाल ही में एक बड़ी लड़ाई शुरू हुई है। यह संघर्ष 28 फरवरी 2026 को तब शुरू हुआ, जब अमेरिका और इजरायल ने मिलकर ईरान पर सीधा हमला किया। इसके बाद ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए कई हमले किए। इन हमलों के समय ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामनेई की मौत हो गई। अमेरिकी-इजरायली हमलों में ईरान के कई अन्य बड़े नेताओं के मारे जाने की भी खबर है। इसके बाद से दोनों पक्षों के बीच लगातार हमले जारी हैं और पूरे मिडिल ईस्ट में तनाव बढ़ गया है। स्थिति को और गंभीर बनाते हुए ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को बंद कर दिया है। यह दुनिया के सबसे अहम समुद्री रास्तों में से एक है, जहां से लगभग 20 प्रतिशत वैश्विक तेल का व्यापार होता है। इस रास्ते के बंद होने से दुनिया भर में तेल संकट पैदा होने की आशंका बढ़ गई है।
यह भी पढ़े -इजरायल-लेबनान के बीच सुलह कराने आगे आया फ्रांस, मैक्रों की दोनों देशों में सीधी बातचीत की अपील
अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच बढ़ी लड़ाई
भारत के पड़ोसी देशों अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच भी लंबे समय से तनाव चल रहा था, जो अब खुली लड़ाई में बदलता नजर आ रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार हाल के दिनों में पाकिस्तानी वायुसेना ने अफगानिस्तान के सीमावर्ती इलाकों के साथ-साथ काबुल और कंधार में कई हवाई हमले किए हैं। इन हमलों में नागरिक ठिकानों और तहरीक-ए-तालीबान पाकिस्तान (TTP) के ठिकानों को निशाना बनाया गया है। पाकिस्तान का कहना है कि TTP के लड़ाके अफगान सीमा के अंदर छिपकर पाकिस्तान में हमलों की योजना बनाते हैं। इन हमलों के जवाब में अफगान तालिबान ने भी कार्रवाई की है। तालिबान का दावा है कि उसने पाकिस्तान के कोहाट, कराची और इस्लामाबाद जैसे शहरों में ड्रोन हमले किए। इसके अलावा कई सैन्य चौकियों पर कब्जा करने की भी बात कही गई है।
अब तक इस संघर्ष में 300 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें सैनिक और आम नागरिक दोनों शामिल हैं। अफगानिस्तान ने कुछ पाकिस्तानी सैनिकों को बंदी बनाने का भी दावा किया है। संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट के अनुसार 26 फरवरी से 5 मार्च 2026 के बीच पाकिस्तानी सैन्य कार्रवाइयों में 56 अफगान नागरिकों की मौत हुई, जिनमें 24 बच्चे भी शामिल थे।
यह भी पढ़े -होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने के लिए कतार में भारतीय एलपीजी टैंकर, ईरान ने दिया सुरक्षित मार्ग
रूस और यूक्रेन का जारी युद्ध
रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध फरवरी 2022 से लगातार जारी है। यह संघर्ष आज भी दुनिया की सबसे बड़ी अंतरराष्ट्रीय घटनाओं में से एक माना जाता है। 24 फरवरी 2022 को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन में सैन्य अभियान शुरू करने की घोषणा की थी। इसके बाद रूसी सेना कई दिशाओं से यूक्रेन में दाखिल हुई। रूस का कहना था कि यह उसकी सुरक्षा के लिए जरूरी कदम है, जबकि यूक्रेन और पश्चिमी देशों ने इसे अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन बताया था। इस युद्ध के दौरान रूस ने यूक्रेन पर ओरेश्निक हाइपरसोनिक बैलिस्टिक मिसाइल का इस्तेमाल किया है। यह बहुत तेज और खतरनाक हथियार माना जाता है। इन हमलों में ल्वीव सहित कई इलाकों के ऊर्जा ढांचों को निशाना बनाया गया, जिससे बिजली संयंत्रों और पावर ग्रिड को भारी नुकसान पहुंचा था।
दूसरी ओर यूक्रेन भी लगातार जवाबी हमले कर रहा है। यूक्रेनी सेना ने रूस के अंदर मौजूद सैन्य ठिकानों, तेल रिग और मिसाइल उत्पादन केंद्रों को निशाना बनाया। ब्रांस्क ओब्लास्ट क्षेत्र में ड्रोन और पश्चिमी देशों से मिली मिसाइलों से कई हमले किए गए हैं।
जापान और उत्तर कोरिया के बीच भी बढ़ा तनाव
पूर्वी एशिया में भी हालात पूरी तरह शांत नहीं हैं। जापान और उत्तर कोरिया के बीच लंबे समय से तनाव बना हुआ है। इसका मुख्य कारण उत्तर कोरिया के मिसाइल और परमाणु परीक्षण हैं। 13 मार्च 2026 को जापान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी कि उत्तर कोरिया ने एक संदिग्ध बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्च की है। इस घटना की जांच अभी जारी है। उत्तर कोरिया समय-समय पर लंबी दूरी की मिसाइलों का परीक्षण करता रहता है। कई बार ये मिसाइलें जापान के ऊपर से गुजरती हैं या उसके समुद्री क्षेत्र के पास गिरती हैं। यही वजह है कि कोरियाई प्रायद्वीप में बढ़ता तनाव पूरे पूर्वी एशिया और दुनिया की सुरक्षा के लिए चिंता का विषय बना हुआ है।
Created On :   14 March 2026 7:12 PM IST












