US-Canada Dispute: ट्रेड डील ठुकराने पर भड़का अमेरिका, कनाडा को बताया 'भौंकने वाला कुत्ता'

ट्रेड डील ठुकराने पर भड़का अमेरिका, कनाडा को बताया भौंकने वाला कुत्ता
ट्रेड डील फेल हो जाने के बाद अमेरिका और कनाडा के बीच तनाव बढ़ता जा रहा है। अमेरिका जहां कनाडाई पीएम मार्क कार्नी पर डील को ठुकराने का आरोप लगा रहा है। वहीं, कनाडा का कहना है कि अमेरिका ने आखिरी समय पर डील की शर्तों में बदलाव किया।

डिजिटल डेस्क, दिल्ली। ट्रेड डील (व्यापारिक समझौता) के फेल हो जाने के बाद अमेरिका और कनाडा के बीच विवाद बढ़ता जा रहा है। अमेरिका जहां कनाडाई पीएम मार्क कार्नी पर डील को ठुकराने का आरोप लगा रहा है। वहीं, कनाडा का कहना है कि अमेरिका ने आखिरी समय पर डील की शर्तों में बदलाव किया। इस बीच ट्रंप सरकार में वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने ऐसा बयान दिया है जिससे दोनों देशों के बीच मनमुटाव और बढ़ सकता है।

क्या बोले बेसेंट?

अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने कनाडा की तुलना छोटे कुत्ते से की है। एक न्यूज चैनल को दिए इंटरव्यू में बेसेंट ने कहा, मेरे पास एक जर्मन शेफर्ड कुत्ता था। पार्क में एक छोटा कुत्ता उस पर लगातार भौंकता रहता था। यह स्थिति मुझे उसी की यााद दिलाती है। काफी समय तक जर्मन शेफर्ड उसे नजरअंदाज करता है। फिर एक दिन उसका भी सब्र खत्म हो गया। बता दें कि अमेरिका और कनाडा के बीच 19-21 अगस्त को तीन दिवसीय ट्रेड बातचीत हुई थी, लेकिन डील फाइनल नहीं हो सकी। इसके बाद दोनों देश एक दूसरे को डील न हो पाने का जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।

अमेरिकी वित्त मंत्री ने यह भी कहा कि कनाडा के साथ जारी ट्रेड वॉर का अमेरिकी कीमतों पर कोई खास असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा, 'मेरी इच्छा है कि कोई मुझे दिखाए कि कनाडा के टैरिफ का अमेरिकी कीमतों पर कोई असर पड़ा है। मैं इस मुद्दे पर किसी से भी बहस करने के लिए तैयार हूं।'

कनाडा पर लगाया 50 फीसदी टैरिफ

व्यापार समझौता न होने के एक दिन बाद अमेरिका ने कनाडा के 20 अरब डॉलर सामान पर 50 फीसदी टैरिफ लगाने का फैसला किया था। इसके बाद कनाडा ने जवाबी कार्रवाई करने का ऐलान करते हुए कहा था कि वो अमेरिका के टैरिफ का डॉलर-फॉर-डॉलर जवाब देगा।

Created On :   7 Sept 2026 1:30 AM IST

Tags

Next Story