Indian Engineer Arrested in Russia: रूस में भारतीय इंजीनियर चंदन गुप्ता गिरफ्तार, पत्नी ने CM योगी से लगाई मदद की गुहार

रूस में भारतीय इंजीनियर चंदन गुप्ता गिरफ्तार, पत्नी ने CM योगी से लगाई मदद की गुहार
रूस में एक भारतीय नागरिक इंजीनियर चंदन गुप्ता की पत्नी स्नेहा गुप्ता ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मदद की गुहार लगाई है। महिला ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है।

डिजिटल डेस्क, मॉस्को। रूस में एक भारतीय नागरिक इंजीनियर चंदन गुप्ता की पत्नी स्नेहा गुप्ता ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मदद की गुहार लगाई है। महिला ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें उन्होंने रूसी प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि वहां की पुलिस ने उनके पति को बिना किसी कारण गिरफ्तार कर लिया है। इसके बाद उन्हें सेना के पास भेज दिया गया है।

कंपनी की तरफ से पहुंचे रूस

महिला ने वीडियो में बताया कि उनका नाम स्नेहा गुप्ता है और वह रूस की राजधानी मॉस्को में रहती हैं। उनके पति चंदन गुप्ता यूफ्लेक्स कंपनी के पॉलीफिल्म्स में काम करते हैं, जो भारत की कंपनी है। उन्होंने आगे बताया कि वह भारत में दिल्ली के सेक्टर-62, नोएडा की रहने वाली हैं और रूस में अपने पति के साथ हाई क्वालिफाइड वीजा पर रहती हैं। उन्होंने यह भी बताया कि उनके पति चंदन गुप्ता इंजीनियर हैं और कंपनी की तरफ से रूस गए हैं।

CM योगी से मदद की लगाई गुहार

स्नेहा गुप्ता ने अपना वीडियो साझा करते हुए बताया कि उनके पासपोर्ट पर उत्तर प्रदेश के कानपुर का पता दर्ज है। इस वजह से उन्होंने CM योगी से आग्रह किया है कि रूस में उनके पति को पुलिस करीब रात 12:30 बजे पकड़कर अपने साथ ले गई। उन्होंने बताया कि उनके पति ने ऐसा कुछ भी नहीं किया है, जिसकी वजह से उन्हें गिरफ्तार किया जाए।

रूसी आर्मी को लेकर क्या बोलीं?

स्नेहा गुप्ता ने रूसी आर्मी को लेकर कहा, "कल मॉस्को डे था और ये लोग परेशान करके, फंसाकर अब उन्हें जेल में डाल दिए हैं। वो निकाल नहीं रहे हैं। माननीय मुख्यमंत्री जी, ना मुझे यहां की लैंग्वेज आती है, मेरे साथ मेरा 10 साल का बच्चा है और हम यहां से कैसे निकलें। मेरे हस्बैंड की प्लीज हेल्प करिए, उनको निकालिए, क्योंकि यहां पर रशियन आर्मी में लोगों को भेजा जा रहा है, जबरदस्ती। इनके पास आर्मी में लोगों की कमी है। प्लीज मेरी विनती है कि मेरे वीडियो को ज्यादा से ज्यादा लोग मुख्यमंत्री तक पहुंचाएं, क्योंकि यहां पर लोगों को ऐसे ही फंसाकर भेज देते हैं। कहां पर भेज देते हैं, कुछ पता नहीं चलता है।"

एम्बुलेंस के शीशे तोड़ने के लगे आरोप

सूत्रों का कहना है कि चंदन गुप्ता और उनके दोस्त आशीष को शनिवार (5 सितंबर) की रात करीब 11:30 बजे रेड स्क्वायर इलाके के पास से हिरासत में लिया गया था। दोनों पर नशे में होने और पास खड़ी एम्बुलेंस के शीशे तोड़ने के आरोप लगे हैं। रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि उन्हें फिलहाल मॉस्को के बाउमानस्काया पुलिस स्टेशन में रखा गया है।

इसके बाद भारतीय दूतावास के अधिकारियों के सामने यह मामला उठाया गया है और उनसे अनुरोध किया गया है कि चंदन और आशीष को रिहा करवाया जाए।

Created On :   7 Sept 2026 3:49 PM IST

Tags

Next Story