Health Tips: पेट की दिक्कतों से रहते हैं परेशान? अपनी रोजाना डाइट में इन फलों को करें शामिल

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। आजकल फिट रहने के लिए लोग जिम जाते हैं, प्रॉपर प्रोटीन लेते हैं और ज्यादातर लोगों का फोकस प्रोटीन इनटेक में रहता है। जिम जाने वाले लोग खाने में प्रोटीन बढ़ाते जाते हैं लेकिन सिर्फ प्रोटीन लेना काफी नहीं होता है। शरीर को फाइबर की भी सख्त मात्रा में जरूरत होती है। फाइबर पेट साफ रखने और खाना पचाने में मदद करता है। इसकी कमी से कब्ज, गैस और पेट फूलने जैसी परेशानी भी हो सकती है। साथ ही इससे कई बार जल्दी-जल्दी भूख भी लग जाती है। एक सर्वे में यह सामने आया है कि बहुत से भारतीय रोज जरूरत के हिसाब से फाइबर नहीं ले पाते हैं इसलिए ही ऐसी चीजें शामिल करनी चाहिए, जिनसे शरीर को भरपूर फाइबर मिल सके। ऐसे में चलिए कुछ फलों के बारे में जानते हैं, जिनसे आपका फाइबर इनटेक अच्छा रहेगा।
पेट के लिए फायदेमंद संतरा और केला
संतरा खाने से शरीर को विटामिन C के साथ-साथ फाइबर भी मिलता है। अगर पर्याप्त मात्रा में फाइबर चाहिए है तो इसका जूस पीने की जगह फल खाना बहुत ही अच्छा होगा। संतरे के अंदर का पल्प भी जरूर खाना चाहिए। इसके अलावा आप केले को भी अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं। इसको आप ओट्स, दूध या दही के साथ आराम से खा सकते हैं। वहीं, भूख लगने पर इसको सीधा खाया जा सकता है। यह आसानी से मिलने वाला फल है।
पपीता करें डाइट में शामिल
पपीता स्वाद में मीठा और खाने में हल्का होता है। इसमें फाइबर के अलावा कई पोषक तत्व भी पाए जाते हैं। इसे सुबह या शाम किसी भी समय खाया जा सकता है। पपीते में पपेन नाम का एंजाइम होता है, जो प्रोटीन को तोड़ने में मदद करता है। इसे काटकर ऐसे ही खाएं या स्वाद के लिए थोड़ा काला नमक डाल लें।
यह भी पढ़े -नौकरी के साथ-साथ बच्चों को संभालने में हो रही परेशानी? तो इन तरीकों को एक बार जरूर करें ट्राई
अमरूद को भी डाइट में करें शामिल
अमरूद एक ऐसा फल है, जो आसानी से मिल जाता है और इसमें अच्छी मात्रा में फाइबर होता है। इसे धोकर काटकर सीधा खाया जा सकता है और स्वाद बढ़ाने के लिए ऊपर से थोड़ा काला नमक डाल सकते हैं। इसमें फाइबर के साथ थोड़ी मात्रा में प्रोटीन भी मिलता है। इसलिए इसे डेली डाइट का हिस्सा बनाया जा सकता है।
डिसक्लेमरः इस आलेख में दी गई जानकारी अलग- अलग किताब और अध्ययन के आधार पर दी गई है। bhaskarhindi.com यह दावा नहीं करता कि ये जानकारी पूरी तरह सही है। पूरी और सही जानकारी के लिए संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञ (ज्योतिष/वास्तुशास्त्री/ अन्य एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें।
Created On :   30 Sept 2026 5:07 PM IST














