Fridge Care Tips: आपके फ्रीजर में भी जम रहा है बर्फ का पहाड़? इन आसान तरीकों से घर पर ही कर लें सही

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। फ्रिज हर घर का एक ऐसा हिस्सा होता है जो बिना रुके पूरे दिन काम करता रहता है। क्योंकि खाने-पीने की चीजों को काफी समय तक ताजा रखने के लिए फ्रिज का हमेशा ठंडा रहना जरूरी है। लेकिन कई बार अलग- अलग तरह की समस्याएं देखने को मिलती हैं, जिन्हें लोग नॉर्मल समझकर इगनोर कर देते हैं। बाद में इन्हीं से दिक्कत होती है, एक समस्या यह भी होती है कि फ्रीजर में बर्फ का पहाड़ जम जाता है। अगर आप भी इससे परेशान हैं तो आज हम आपके लिए कुछ टिप्स लेकर आए हैं।
अगर आपके भी फ्रिज के फ्रिजर में बर्फ की पहाड़ जैसी मोटी परत जम रही है तो इसे सिर्फ मामूली समस्या समझकर नजरअंदाज न करें। फ्रीजर में लगातार बर्फ जमने से उसकी अंदर की जगह कम हो जाती है, जिससे एयरफ्लो और कूलिंग पर भी असर पड़ता है। साथ ही इससे फ्रिज को कूलिंग के लिए ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है, जिससे बिजली का बिल भी बढ़ता है। फ्रिज में डीफ्रॉस्टिंग यानी जमी हुई बर्फ को पिघलाना बेहद जरूरी होता है। अच्छी बात यह है कि इसके लिए किसी मैकेनिक को बुलाने की जरूरत नहीं पड़ती है, कुछ आसान और सेफ तरीकों से आप घर पर ही फ्रीजर की बर्फ हटा सकते हैं।
क्यों जमती है फ्रीजर में इतनी बर्फ?
फ्रीजर का दरवाजा बार-बार खोलने पर बाहर की नमी अंदर चली जाती है, जो ठंडी सतह से टकराकर बर्फ बन जाती है। उमस वाले मौसम में ये प्रोसेस और तेज हो जाती है। फ्रीजर में बर्फ की मोटी परत जमना आम समस्या हो जाती है, जो कूलिंग क्षमता को 25 फीसदी तक कम कर सकती है। पुराने फ्रिज में समय-समय पर डीफ्रॉस्ट करना जरूरी होता है ताकि फ्रिज सही तापमान बनाए रख सके और बिजली की खपत भी कम हो।
यह भी पढ़े -महंगाई बनी बड़ा नुकसान!, 28 साल के युवक ने सुनाई आपबीती, 1.2 लाख रुपए सैलेरी के बाद भी जेब खाली
बर्फ को कैसे पिघलाया जाए?
बर्फ को पिघलाने के लिए तीन अहम तरीकों के बारे में समझते हैं। इसमें सबसे पहला तरीका है कि फ्रिज को बंद करके प्लग निकाल दें और सारा सामान बाहर निकालकर ठंडा रखने वाले कूलर में रखें। नीचे तौलिया बिछाकर फ्रीजर का दरवाजा खुला छोड़ दें। बर्फ पिघलने के बाद प्लास्टिक स्पैटुला से धीरे-धीरे बर्फ हटाएं, लेकिन चाकू या नुकीली चीज का इस्तेमाल न करें। इससे कूलिंग लाइन पर असर पड़ सकता है।
दूसरा तरीका
दूसरा तरीका है गर्म पानी की भाप से बर्फ पिघलाना। फ्रिज बंद और अनप्लग करने के बाद फ्रीजर में गर्म लेकिन उबलता नहीं पानी भरा बाउल रखें। इससे भाप बर्फ को जल्दी ढीला करेगी और ध्यान रखें कि पानी सीधे दीवार या इलेक्ट्रिकल हिस्सों पर न पड़ने दें।
यह भी पढ़े -हरियाली तीज पर रखा है निर्जला व्रत, तो इन खास चीजों को खाएं और पिएं, लगेगी कम भूख और प्यास
तीसरा तरीका
तीसरा तरीका है कि पंखे की हवा से डीफ्रॉस्ट करना है। फ्रीजर का प्लग निकालकर दरवाजा खोल दें और बाहर से पंखे की हवा अंदर आने दें। नीचे तौलिया बिछाएं और ढीली बर्फ को धीरे-धीरे हटा दें।
डीफ्रॉस्ट करने के बाद किन बातों का रखें ख्याल?
डीफ्रॉस्टिंग के बाद फ्रीजर को अच्छी तरह पोछकर सुखाएं और फिर चालू करें। सामान रखने से पहले फ्रिज का तापमान 4.4°C या उससे कम और फ्रीजर का करीब -17.8°C या उससे कम होना चाहिए। अगर बर्फ जल्दी फिर से जमने लगे तो दरवाजे की रबर सील और डीफ्रॉस्ट सिस्टम की जांच कराएं। नए फ्रिज में ऑटोमैटिक डीफ्रॉस्ट सिस्टम होता है, इसलिए उन्हें हाथ से डीफ्रॉस्ट करने की जरूरत नहीं होती। फ्रॉस्ट-फ्री फ्रिज में भी बर्फ जमने पर रबर सील या सिस्टम चेक करवाना जरूरी होता है।
Created On :   18 Sept 2026 6:20 PM IST













