Monsoon Home Hacks: बारिश के मौसम में घर से आने लगी है सीलन की बदबू, इन टिप्स को करें इस्तेमाल, घर लगेगा महकने

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मानसून का मौसम जितना ज्यादा सुहावना होता है, उतनी ही मुश्किल घर में सीलन और बदबू की भी होती है। लगातार नमी रहने से अलमारी, कमरे, बाथरूम और कपड़ों से अजीब-सी महक आने लगती है। अगर समय रहते हुए ध्यान ना दिया जाए तो पूरा घर भारी और घुटन भरा महसूस होने लगता है। इसमें अच्छी बात ये है कि कुछ आसान घरेलू उपायों से इसकी परेशानी को काफी हद तक दूर किया जा सकता है।
घर में आती-जाती रहे ताजी हवा
बारिश रुकते ही कुछ देर के लिए खिड़कियां और दरवाजे खोल दें। इससे बाहर की ताजी हवा घर के अंदर आएगी और बंद कमरों में जमी सीलन की बदबू धीरे-धीरे निकल जाएगी। यह सबसे आसान और असरदार तरीका माना जाता है।
इन चीजों का करें इस्तेमाल
बेकिंग सोडा बदबू और नमी को सोखने में काफी मददगार होता है। इसे छोटी कटोरी में भरकर अलमारी, जूते रखने की जगह या बाथरूम के पास रख सकते हैं। वहीं कपूर और लौंग की छोटी पोटली बनाकर कपड़ों या दराज में रखने से सीलन की महक कम होती है और कीड़े भी दूर रहते हैं।
यह भी पढ़े -मानसून में नहीं सूख रहे हैं कपड़े, तो बिल्कुल मत हों परेशान, इन आसान टिप्स को फॉलो कर आराम से सुखाएं कपड़े
कॉफी और नमक भी आएंगे काम
अगर घर में हल्की और अच्छी खुशबू चाहिए तो एक कटोरी में कॉफी पाउडर रख दें। यह नमी और बदबू दोनों को कम करने में मदद करता है। इसके अलावा सेंधा नमक भी हवा की एक्स्ट्रा नमी को सोख लेता है। इसे कमरे के किसी कोने में रखने से काफी फायदा मिलता है।
धूप मिले तो बिल्कुल न छोड़ें
बारिश के बीच जब भी धूप निकले, गद्दे, तकिए, चादर, पर्दे और डोरमैट जैसी चीजों को कुछ देर धूप जरूर दिखाएं। इससे सीलन कम होगी और घर लंबे समय तक ताजा और साफ महसूस होगा।
डिसक्लेमरः इस आलेख में दी गई जानकारी अलग- अलग किताब और अध्ययन के आधार पर दी गई है। bhaskarhindi.com यह दावा नहीं करता कि ये जानकारी पूरी तरह सही है। पूरी और सही जानकारी के लिए संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञ (ज्योतिष/वास्तुशास्त्री/ अन्य एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें।
Created On :   8 July 2026 7:34 PM IST













