Health: स्ट्रीट फूड खाने के हैं शौकीन? स्वाद के चक्कर में न भूलें ये जरूरी बातें, वरना बिगड़ सकती है सेहत

स्ट्रीट फूड खाने के हैं शौकीन? स्वाद के चक्कर में न भूलें ये जरूरी बातें, वरना बिगड़ सकती है सेहत
स्ट्रीट फूड खाते समय कुछ बातों का ध्यान रखकर आप बीमार होने से बच सकते हैं।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। गोलगप्पे, चाट, समोसे, मोमोज और चाइनीज फूड देखकर कई लोगों के मुंह में पानी आ जाता है। बाहर का खाना स्वादिष्ट भी लगता है और घर के खाने से थोड़ा अलग भी होता है। लेकिन सड़क किनारे मिलने वाले खाने में साफ-सफाई का ध्यान रखना बहुत जरूरी है। कई बार छोटी सी लापरवाही पेट खराब होने, उल्टी या दस्त जैसी परेशानी की वजह बन सकती है। इसका मतलब यह नहीं है कि आप स्ट्रीट फूड खाना ही छोड़ दें। बस खाना लेते समय कुछ आसान बातों को देखना चाहिए। इससे स्वाद का मजा भी लिया जा सकता है और सेहत का भी ध्यान रखा जा सकता है।

जहां सफाई दिखे वहीं से खाना लें

सबसे पहले खाने की जगह को ध्यान से देखें। आसपास कचरा पड़ा हो, पानी गंदा हो या मक्खियां बहुत ज्यादा हों तो वहां से खाना लेने से बचें। साफ जगह पर खाना बन रहा हो तो बेहतर रहेगा।

खाना ढककर रखा है या नहीं

खाने की चीजें खुली पड़ी हों तो उन पर धूल और कीड़े बैठ सकते हैं इसलिए ऐसी दुकान चुनें जहां सामान ढककर रखा जाता हो। खासकर चटनी, सब्जी और दूसरी तैयार चीजों पर ध्यान दें।

दुकानदार के हाथ और सामान पर नजर रखें

खाना बनाने वाला व्यक्ति साफ कपड़े पहने और हाथ साफ रखे, यह भी जरूरी है। अगर वही हाथ पैसे लेने के बाद सीधे खाना छू रहा है तो थोड़ा सावधान रहें। खाने के लिए साफ प्लेट और चम्मच का इस्तेमाल होना चाहिए।

बहुत देर से रखा खाना न खाएं

जो खाना काफी देर से रखा हुआ दिखाई दे, उसे लेने से बचना बेहतर है। आप कोशिश करें कि गर्म और ताजा बना खाना ही खाएं। इसी केसाथ ही, कच्ची चीजों को साफ पानी से तैयार किया गया है या नहीं इसपर भी गौर करें।

Created On :   20 Sept 2026 5:10 PM IST

Tags

Next Story