Share Market Closing Bell: शेयर बाजार में गिरावट, सेंसेक्स 329 अंक टूटा, निफ्टी 23330 के नीचे बंद हुआ

डिजिटल डेस्क, मुंबई। घरेलू शेयर बाजार (Share Market) कारोबारी सप्ताह के दूसरे दिन (22 सितंबर 2026, मंगलवार) गिरावट के साथ बंद हुआ। इस दौरान प्रमुख भारतीय इक्विटी सूचकांक बीएसई सेंसेक्स (Sensex) और एनएसई निफ्टी (Nifty) दोनों ही लाल निशान पर रहे। बंबई स्टॉक एक्सचेंज (BSE) के 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सेंसेक्स 329.91 अंक यानि कि 0.44 प्रतिशत की गिरावट के साथ 74,529.08 के स्तर पर बंद हुआ।
वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 85.30 अंक यानि कि 0.36 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,329.00 के स्तर पर बंद हुआ।
कारोबार के अंत में लगभग 2074 शेयरों में बढ़त देखने को मिली, वहीं 2090 शेयरों में गिरावट आई, जबकि 187 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ। निफ्टी की कंपनियों में टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स, बजाज फिनसर्व, नेस्ले, बजाज फाइनेंस और ग्रासिम इंडस्ट्रीज के शेयर सबसे ज्यादा नुकसान में रहे। दूसरी ओर कोल इंडिया, इंटरग्लोब एविएशन, एटरनल, टाइटन कंपनी और डॉ. रेड्डीज लैब्स के शेयर सबसे ज्यादा लाभ में रहे।
वहीं सेंसेक्स की 30 में से 23 कंपनियों के शेयर लाल निशान पर रहे। इनमें बजाज फिनसर्व, ट्रेंट, बजाज फाइनेंस, सनफार्मा, टीसीएस, अल्ट्राटेक सीमेंट और एसबीआई के शेयर सबसे ज्यादा नुकसान में रहे। दूसरी ओर 7 कंपनियों के शेयर हरे निशान पर रहे। इनमें इटरनल, इंडिगो, टाइटन, टाटा स्टील और एनटीपीसी के शेयर सबसे ज्यादा लाभ में रहे।
बात करें भारतीय रुपया की तो बीते बंद के मुकाबले मंगलवार को इसमें 22 पैसे की गिरावट देखने को मिली और यह 95.59 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। इससे पहले सुबह रुपया 95.75 प्रति डॉलर पर खुला था। जबकि, एक दिन पहले सोमवार की सुबह रुपया 95.82 प्रति डॉलर पर खुला था और शाम को भी 95.82 प्रति डॉलर पर ही बंद हुआ था।
आपको बता दें कि, सुबह शेयर बाजार की शुरुआत बढ़त के साथ हुई थी। इस दौरान सेंसेक्स 58 अंक यानि कि 0.08 प्रतिशत की तेजी के साथ 74,926 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 35 अंक यानि कि 0.15 प्रतिशत की मजबूती के साथ 23,449 के स्तर पर खुला था।
जबकि, बीते कारोबारी दिन (21 सितंबर 2026, सोमवार) शेयर बाजार की शुरुआत बढ़त के साथ हुई थी और शाम को भी यह बढ़त के साथ ही बंद हुआ था। इस दौरान सेंसेक्स 564.03 अंक की तेजी के साथ 74,858.99 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 67.90 अंक की मजबूती के साथ 23,414.30 के स्तर पर बंद हुआ था।
Created On :   22 Sept 2026 3:40 PM IST






