Share Market Closing Bell: शेयर बाजार को रास नहीं आया बजट, सेंसेक्स 1546 अंक लुढ़का, निफ्टी 24830 के नीचे बंद हुआ

शेयर बाजार को रास नहीं आया बजट, सेंसेक्स 1546 अंक लुढ़का, निफ्टी 24830 के नीचे बंद हुआ
आज सेंसेक्स 1,546.84 अंक नीचे 80,722.94 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 495.20 अंक नीचे 24,825.45 के स्तर पर बंद हुआ।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। केंद्रीय बजट की घोषणा के बाद देश का शेयर बाजार (Share Market) आज (01 फरवरी 2026, रविवार) औंधे मुंह गिरा यानि कि बजट की घोषणाएं बाजार को रास नहीं आईं। ऐसे में उतार- चढ़ाव के बाद प्रमुख भारतीय इक्विटी सूचकांक बीएसई सेंसेक्स (Sensex) और एनएसई निफ्टी (Nifty) दोनों ही लाल निशान पर बंद हुए। बंबई स्टॉक एक्सचेंज (BSE) के 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सेंसेक्स 1,546.84 अंक यानि कि 1.88 प्रतिशत नीचे 80,722.94 के स्तर पर बंद हुआ।

वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 495.20 अंक यानि कि 1.96 प्रतिशत नीचे 24,825.45 के स्तर पर बंद हुआ। बता दें कि, आमतौर पर शेयर बाजार में शनिवार और रविवार को छुट्टी होती है, लेकिन आज वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट भाषण को देखते हुए शेयर बाजार खुला रहा।

कारोबार के अंत में करीब 1673 शेयरों में तेजी देखने को मिली, वहीं 2299 शेयरों में गिरावट आई, जबकि 155 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ। निफ्टी की कंपनियों में ओएनजीसी, एसबीआई, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, अदानी पोर्ट्स और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स के शेयर सबसे ज्यादा नुकसान में रहे। दूसरी ओर विप्रो, टीसीएस, सन फार्मा, मैक्स हेल्थकेयर और इंफोसिस के शेयर सबसे ज्यादा लाभ में रहे।

वहीं सेंसेक्स की 30 में से 26 शेयर लाल निशान पर रहे। इनमें एसबीआई, अडाणी पोर्ट्स, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड, आईटीसी, टाटा स्टील, रिलायंस और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर सबसे ज्यादा नुकसान में रहे। दूसरी ओर 4 कंपनियों के शेयर हरे निशान पर रहे। इनमें टीसीएस, इन्फोसिस, सनफार्मा और टाइटन के शेयर सबसे ज्यादा लाभ में रहे।

आपको बता दें कि, सुबह केंद्रीय बजट की घोषणा से पहले शेयर बाजार गिरावट के साथ खुला था। इस दौरान सेंसेक्स 64.34 अंक यानि कि 0.08 प्रतिशत गिरकर 82,205.44 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 46.05 अंक यानि कि 0.18 प्रतिशत गिरकर 25,274.60 के स्तर पर खुला था।

जबकि, बीते शुक्रवार (30 जनवरी 2026, शुक्रवार) को बाजार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई थी और शाम को भी बाजार गिरावट के साथ ही बंद हुआ था। इस दौरान सेंसेक्स 296.59 अंक यानि कि 0.36 प्रतिशत गिरकर 82,269.78 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 98.25 अंक यानि कि 0.39 प्रतिशत गिरकर 25,320.65 के स्तर पर बंद हुआ था।

Created On :   1 Feb 2026 3:48 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story