Share Market Closing Bell: सेंसेक्स में 221 अंकों की तेजी, निफ्टी 25400 के पार बंद हुआ

डिजिटल डेस्क, मुंबई। देश का शेयर बाजार (Share Market) कारोबारी सप्ताह के चौथे दिन (29 जनवरी 2026, गुरुवार) बढ़त के साथ बंद हुआ। इस दौरान प्रमुख भारतीय इक्विटी सूचकांक बीएसई सेंसेक्स (Sensex) और एनएसई निफ्टी (Nifty) दोनों ही हरे निशान पर रहे। बंबई स्टॉक एक्सचेंज (BSE) के 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सेंसेक्स 221.69 अंक यानि कि 0.27 प्रतिशत बढ़कर 82,566.37 के स्तर पर बंद हुआ।
वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 76.15 अंक यानि कि 0.30 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,418.90 के स्तर पर बंद हुआ।
कारोबार के अंत में करीब 1640 शेयरों में तेजी देखने को मिली, वहीं 2424 शेयरों में गिरावट आई, जबकि 138 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ। निफ्टी की कंपनियों में एलएंडटी, टाटा स्टील, इटरनल, एक्सिस बैंक और टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स के शेयर सबसे ज्यादा लाभ में रहे। दूसरी ओर एशियन पेंट्स, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, इंटरग्लोब एविएशन, मारुति सुजुकी और टाटा कंज्यूमर के शेयर सबसे ज्यादा नुकसान में रहे।
वहीं सेंसेक्स की 30 में से 14 कंपनियों के शेयर हरे निशान पर रहे। इनमें टाटा स्टील, एलएंडटी, एक्सिस बैंक, इटरनल, एनटीपीसी और अडाणी पोर्ट्स के शेयर सबसे ज्यादा लाभ में रहे। दूसरी ओर 16 कंपनियों के शेयर लाल निशान पर रहे। इनमें एशियन पेंट, मारुति, इंडिगो, टीसीएस, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड और एमएंडएम के शेयर सबसे ज्यादा नुकसान में रहे।
बात करें भारतीय रुपया की तो गुरुवार को इसमें बीते बंद के मुकाबले 16 पैसे की गिरावट देखने को मिली और यह 91.95 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। इससे पहले सुबह रुपया 91.99 प्रति डॉलर के नए रिकॉर्ड निचले स्तर पर खुला था। जबकि, एक दिन पहले बुधवार की सुबह रुपया 91.61 प्रति डॉलर पर खुला था और शाम को यह 91.79 पर कमजोर होकर बंद हुआ।
आपको बता दें कि, सुबह शेयर मार्केट की शुरुआत गिरावट के साथ हुई थी। इस दौरान सेंसेक्स 248.45 अंक यानि कि 0.30 प्रतिशत गिरकर 82,096.23 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 60.80 अंक यानि कि 0.24 प्रतिशत गिरकर 25,281.95 के स्तर पर खुला था।
जबकि, बीते कारोबारी दिन (28 जनवरी 2026, बुधवार) शेयर बाजार की शुरुआत बढ़त के साथ हुई थी और शाम को भी यह मजबूती के साथ बंद हुआ था। इस दौरान सेंसेक्स 487.20 अंक यानि कि 0.60 प्रतिशत बढ़कर 82,344.68 पर था और निफ्टी 167.35 अंक यानि कि 0.66 प्रतिशत बढ़कर 25,342.75 पर था।
Created On :   29 Jan 2026 3:31 PM IST












