Share Market Opening Bell: सेंसेक्स में 19 अंक की बढ़त, निफ्टी 24800 के करीब खुला

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मिले-जुले ग्लोबल संकेतों के बावजूद देश का शेयर बाजार (Share Market) कारोबारी सप्ताह के पहले दिन (02 फरवरी 2026, सोमवार) बढ़त के साथ खुला, हालांकि कुछ ही देर में बेंचमार्क इंडेक्स निचले स्तरों से उबरकर फ्लैट कारोबार करते नजर आए। इस दौरान प्रमुख भारतीय इक्विटी सूचकांक बीएसई सेंसेक्स (Sensex) हरे और एनएसई निफ्टी (Nifty) लाल निशान पर रहा। बंबई स्टॉक एक्सचेंज (BSE) के 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सेंसेक्स 19.77 अंक यानि कि 0.02 प्रतिशत बढ़कर 80,742.71 के स्तर पर खुला।
वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 27.05 अंक यानि कि 0.11 प्रतिशत गिरकर 24,798.40 के स्तर पर खुला।
शुरुआती कारोबार के दौरान करीब 995 शेयरों में तेजी देखने को मिली, वहीं 1202 शेयरों में गिरावट आई, जबकि 153 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ। निफ्टी की कंपनियों में एलएंडटी, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, एशियन पेंट्स, इंटरग्लोब एविएशन और अदानी पोर्ट्स के शेयर सबसे ज्यादा लाभ में रहे। दूसरी ओर श्रीराम फाइनेंस, आईटीसी, एनटीपीसी, बजाज फिनसर्व और मैक्स हेल्थकेयर के शेयर सबसे ज्यादा नुकसान में रहे।
प्री-ओपनिंग सेशन के दौरान बेंचमार्क इंडेक्स मजबूत कारोबार करते नजर आए। इस दौरान सेंसेक्स 41.49 अंक यानि कि 0.05 प्रतिशत बढ़कर 80,764.43 पर था और निफ्टी 94.95 अंक यानि कि 0.38 प्रतिशत बढ़कर 24,920.40 पर था।
बात करें भारतीय रुपया की तो सोमवार की सुबह इसमें बीते बंद के मुकाबले 19 पैसे की बढ़त देखने को मिली और यह डॉलर के मुकाबले 91.80 पर खुला। जबकि, बीते शुक्रवार की सुबह रुपया डॉलर के मुकाबले 91.92 पर खुला था और शाम को यह 91.99 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
आपको बता दें कि, बीते कारोबारी दिन (01 फरवरी 2026, रविवार) बाजार गिरावट के साथ खुला था। इस दौरान सेंसेक्स 64.34 अंक यानि कि 0.08 प्रतिशत गिरकर 82,205.44 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 46.05 अंक यानि कि 0.18 प्रतिशत गिरकर 25,274.60 के स्तर पर खुला था।
जबकि, शाम को बाजार भारी गिरावट के साथ बंद हुआ। इस दौरान सेंसेक्स 1,546.84 अंक यानि कि 1.88 प्रतिशत नीचे 80,722.94 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 495.20 अंक यानि कि 1.96 प्रतिशत नीचे 24,825.45 के स्तर पर बंद हुआ था।
Created On :   2 Feb 2026 10:59 AM IST












