Share Market Opening Bell: सेंसेक्स में 136 अंकों की तेजी, निफ्टी 23900 के पार खुला

डिजिटल डेस्क, मुंबई। ग्लोबल मार्केट से मिले अच्छे संकेतों के चलते भारतीय शेयर बाजार (Share Market) कारोबारी सप्ताह के तीसरे दिन (01 जुलाई 2026, बुधवार) बढ़त के साथ खुला। इस दौरान प्रमुख भारतीय इक्विटी सूचकांक बीएसई सेंसेक्स (Sensex) और एनएसई निफ्टी (Nifty) दोनों ही हरे निशान पर रहे। बंबई स्टॉक एक्सचेंज (BSE) के 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सेंसेक्स 136.32 अंक यानि कि 0.18 प्रतिशत बढ़कर 76,614.99 के स्तर पर खुला।
वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 44.15 अंक यानि कि 0.18 प्रतिशत बढ़कर 23,909.90 के स्तर पर खुला।
शुरुआती कारोबार के दौरान करीब 1597 शेयरों में बढ़त देखने को मिली, वहीं 629 शेयरों में गिरावट आई, जबकि 156 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ। निफ्टी की कंपनियों में टाइटन, एमएंडएम, एटरनल, सन फार्मा और बजाज ऑटो के शेयर सबसे ज्यादा लाभ में रहे। दूसरी ओर बजाज फिनसर्व, HDFC लाइफ, कोल इंडिया, टेक महिंद्रा और इंटरग्लोब एविएशन के शेयर सबसे ज्यादा नुकसान में रहे।
प्री-ओपनिंग सेशन में बेंचमार्क इंडेक्स सपाट कारोबार करते नजर आए। इस दौरान सेंसेक्स 13.80 अंक यानि कि 0.02 प्रतिशत बढ़कर 76,492.47 पर और निफ्टी 22 अंक यानि कि 0.09 प्रतिशत गिरकर 23,843.75 पर कारोबार करता नजर आया।
बात करें भारतीय रुपया की तो बीते बंद के मुकाबले इसमें बुधवार की सुबह कोई बदलाव नहीं हुआ और यह 94.66 प्रति डॉलर पर सपाट खुला। जबकि, एक दिन पहले मंगलवार की सुबह रुपया 94.57 प्रति डॉलर पर खुला था और शाम को यह 94.66 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
आपको बता दें कि, बीते कारोबारी दिन (30 जून 2026, मंगलवार) बाजार की शुरुआत बढ़त के साथ हुई थी। इस दौरान सेंसेक्स 129.42 अंक यानि कि 0.17 प्रतिशत बढ़कर 76,857.79 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 25.80 अंक यानि कि 0.11 प्रतिशत बढ़कर 23,972.05 के स्तर पर खुला था।
जबकि, शाम को बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ था। इस दौरान सेंसेक्स 249.70 अंक यानि कि 0.33 प्रतिशत गिरकर 76,478.67 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 80.50 अंक यानि कि 0.34 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,865.75 के स्तर पर बंद हुआ था।
Created On :   1 July 2026 10:00 AM IST












