ब्रिक्स समिट: दिल्ली में 12वां ब्रिक्स संसदीय फोरम, 21 देशों के प्रतिनिधि होंगे शामिल, पीएम मोदी विभिन्न देशों के प्रतिनिधिमंडलों से करेंगे मुलाकात

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में संविधान सदन (पुराना संसद भवन) के सेंट्रल हॉल में दो दिवसीय 26 और 27 अक्टूबर 2026 को 12वें ब्रिक्स संसदीय फोरम का आयोजन किया जा रहा है। इस दो दिवसीय कार्यक्रम में ब्रिक्स के 11 सदस्य देशों और 10 साझेदार देशों के संसदीय प्रतिनिधिमंडल शामिल हो रहे हैं। मिली जानकारी के मुताबिक लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला फोरम का उद्घाटन करेंगे, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कार्यक्रम में शामिल होंगे और विभिन्न देशों से आए संसदीय नेताओं से मुलाकात करेंगे।
विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर 12वें ब्रिक्स संसदीय फोरम में हिस्सा लेने के लिए संसद भवन परिसर स्थित संविधान सदन के सेंट्रल हॉल पहुंचे।
यह भी पढ़े -दोनों देशों के बीच तनाव का असर, BIMSTEC बैठक में शामिल नहीं होंगे गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद, नौकरशाह संभालेंगे जिम्मेदारी
जन-केंद्रित विकास पर मंथन
इस वर्ष फोरम का मुख्य विषय ‘जन-केंद्रित विकास के लिए संसदों को मजबूत करना’ रखा गया है। बैठक में संसदीय संस्थाओं को मजबूत बनाने, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), डिजिटल नवाचार और वैश्विक शासन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी। समिट का उद्देश्य संसदों के बीच सहयोग बढ़ाना और विकास प्रक्रिया में आम नागरिकों की जरूरतों को प्राथमिकता देना है।
अंतरराष्ट्रीय संसदीय सहयोग पर जोर
ब्रिक्स संसदीय फोरम सदस्य और साझेदार देशों के प्रतिनिधियों को साझा चुनौतियों पर विचार-विमर्श करने का मंच प्रदान करेगा। इसमें संसदीय प्रक्रियाओं को प्रभावी बनाने और बदलती तकनीक के दौर में लोकतांत्रिक संस्थाओं की भूमिका पर भी चर्चा होने की उम्मीद है। नई दिल्ली में इस आयोजन को अंतरराष्ट्रीय संसदीय संवाद और सहयोग को आगे बढ़ाने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Created On :  
