मौसम अपडेट: दिल्ली से बिहार-UP तक बारिश का अलर्ट! इन राज्यों में तूफानी हवाओं की चेतावनी

दिल्ली से बिहार-UP तक बारिश का अलर्ट! इन राज्यों में तूफानी हवाओं की चेतावनी
आज 17 राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है। दिल्ली में हल्की बारिश, जबकि उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आंधी चलने की संभावना है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मौसम अचानक बदलने वाला है। 26 अक्टूबर को कई राज्यों में बारिश और तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात को इसकी बड़ी वजह माना जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, कुछ जगहों पर तेज बारिश के साथ तूफानी हवाएं भी चल सकती हैं। हवा की रफ्तार 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है। बता दें कि, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश और राजस्थान समेत कई राज्यों में मौसम का असर देखने को मिल सकता है। ऐसे में लोगों को मौसम की जानकारी लेकर ही घर से निकलना चाहिए।

17 राज्यों में बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार, 26 अक्टूबर को कर्नाटक, तेलंगाना, पुडुचेरी, ओडिशा, झारखंड, दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश, केरल, बिहार, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, असम, त्रिपुरा और अरुणाचल प्रदेश में बारिश की संभावना है। कुछ इलाकों में तेज आंधी भी चल सकती है। इस दौरान हवा की रफ्तार 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

दिल्ली में हल्की बारिश, तेज हवाएं चलने का अनुमान

बात करें दिल्ली की तो यहां आज हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी दी है। यहां हवा की रफ्तार करीब 30 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है। तापमान की बात करें तो राजधानी में अधिकतम पारा 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम में बदलाव के कारण लोगों को सुबह और शाम हल्की ठंड महसूस हो सकती है।

उत्तर प्रदेश के इन जिलों में बदलेगा मौसम

इसके अलावा उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आंधी और बारिश की संभावना है। इनमें गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, मथुरा, आगरा, मेरठ, मुजफ्फरनगर, बलिया, मिर्जापुर, कानपुर, वाराणसी, हमीरपुर और रायबरेली शामिल हैं। इन इलाकों में हवा की रफ्तार 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। वहीं, लखनऊ में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। लोगों को बाहर निकलते समय मौसम का हाल जरूर देख लेना चाहिए।

Created On :  

Tags

Next Story