UP News: राहुल गांधी के काफिले में बड़ा हादसा! एक्सप्रेसवे पर भिड़ीं 4 गाड़ियां और एंबुलेंस, बाल-बाल बचे राहुल गांधी

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के काफिले के साथ सोमवार को एक हादसा हो गया। वह लखनऊ से सुल्तानपुर जा रहे थे तभी पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर उनकी गाड़ियों की आपस में टक्कर हो गई। इस घटना में काफिले की चार गाड़ियां और एक एंबुलेंस आपस में भिड़ गईं। हादसा सुल्तानपुर के हालियापुर के पास हुआ। राहत की बात यह है कि राहुल गांधी को कोई चोट नहीं आई और वह पूरी तरह सुरक्षित हैं। हालांकि, उनके साथ चल रहे कुछ कार्यकर्ताओं को चोट लगी है। राहुल गांधी मानहानि के एक मामले में कोर्ट में पेश होने के लिए सुल्तानपुर जा रहे थे। हादसे के बाद भी उनके कोर्ट पहुंचने की बात कही गई।
यह भी पढ़े -'सहयोगी नाराज, जिद पर क्यों अड़े राहुल', 1 नवंबर की रैली को लेकर BJP ने कांग्रेस पर कसा तंज
अचानक ब्रेक लगने से आपस में टकराईं गाड़ियां
बताया जा रहा है कि, राहुल गांधी का काफिला पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर 89.5 माइलस्टोन के पास पहुंचा था। इसी दौरान अचानक ब्रेक लगने से पीछे चल रही गाड़ियां एक-दूसरे से टकरा गईं। इस टक्कर में चार गाड़ियां और एंबुलेंस शामिल थीं। राहुल गांधी को सुरक्षित बताया गया, जबकि उनके साथ मौजूद कुछ लोगों को चोटें आईं। सुल्तानपुर पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया। इस दौरान समर्थकों ने उनके नाम के नारे भी लगाए।
अमित शाह पर टिप्पणी को लेकर दर्ज हुआ था केस
आपको बता दें कि, यह मामला साल 2018 का है। राहुल गांधी पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ कथित विवादित टिप्पणी करने को लेकर मानहानि का केस दर्ज किया गया था। इस मामले में 13 अक्टूबर को बहस पूरी हो चुकी है। अब कोर्ट के फैसले का इंतजार है। इसी मामले में पेश होने के लिए राहुल गांधी सोमवार को सुल्तानपुर पहुंचे।
Created On :  

