'Vote Bachao Desh Bachao': राहुल गांधी ने BJP को क्यों कहा धन्यवाद? 1 नवंबर की रैली से पहले कांग्रेस सांसद की जनता से बड़ी अपील

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने 1 नवंबर को दिल्ली में होने वाली रैली के लिए लोगों से खास अपील की है। उन्होंने छात्रों, किसानों, मजदूरों और युवाओं से बड़ी संख्या में रामलीला मैदान पहुंचने को कहा है। यह रैली वोट बचाने के मुद्दे पर होगी। बता दें कि, राहुल का आरोप है कि लोगों के वोट के अधिकार के साथ गलत हो रहा है। उन्होंने रविवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट भी शेयर किया। इसमें उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधा और तंज कसते हुए पार्टी को धन्यवाद कहा है। राहुल ने कहा कि बीजेपी इस रैली का प्रचार करने में मदद कर रही है।
राहुल गांधी ने लोगों से क्या कहा?
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि वोट चोरी के मामले पर देश चुप नहीं रहेगा। उनका आरोप है कि वोटर लिस्ट से लोगों के नाम हटाए गए और नियमों का पालन नहीं किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि सवाल उठाने वाले लोगों पर लाठियां चलाई गईं। राहुल ने लोगों से 1 नवंबर को दिल्ली पहुंचने की अपील की। इसके अलावा उन्होंने कहा कि छात्र, किसान, मजदूर, महिलाएं, युवा और व्यापारी, जो भी लोकतंत्र की चिंता करते हैं, उन्हें इस रैली में आना चाहिए। राहुल के मुताबिक, वोट लोगों का अधिकार है और इसकी रक्षा की लड़ाई भी सभी को मिलकर लड़नी होगी।
कांग्रेस ने रैली के लिए शुरू की तैयारी
मालूम हो कि, कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन INDIA 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में रैली करने जा रहे हैं। इस कार्यक्रम का नाम ‘वोट बचाओ, देश बचाओ जन मार्च और महारैली’ रखा गया है। कांग्रेस इस रैली में ज्यादा से ज्यादा लोगों को लाने की तैयारी कर रही है। पार्टी ने अपने बड़े नेताओं को भी भीड़ जुटाने की जिम्मेदारी दी है। विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार का भी विरोध कर रहा है। राहुल गांधी पहले भी बीजेपी पर वोट चोरी के आरोप लगा चुके हैं। वहीं, बीजेपी को धन्यवाद देने वाली उनकी बात को रैली के प्रचार से जोड़कर देखा जा रहा है।
Created On :  
