UP News: वाराणसी में PM मोदी का रोड शो, फिर आसमान में दिखी वायुसेना की ताकत, राफेल-सुखोई समेत 100 विमानों ने दिखाया दम!

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। वाराणसी में इन दिनों आसमान में कुछ ऐसा देखने को मिल रहा है जिसे देखकर लोग हैरान रह गए। भारतीय वायुसेना के 94वें स्थापना वर्ष के मौके पर यहां ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो का आयोजन किया गया है। इसमें कई लड़ाकू विमान और हेलीकॉप्टर अपनी ताकत दिखा रहे हैं। 22 अक्टूबर से शुरू हुए इस कार्यक्रम में कुल 100 विमान शामिल हुए हैं। वहीं, रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी वाराणसी पहुंचे और रोड शो किया। इस बड़े आयोजन को देखने के लिए भारी संख्या में लोगों के आने की उम्मीद थी। इसी वजह से पूरे शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए।
सुरक्षा के लिए 11,500 से ज्यादा जवान तैनात
आपको बता दें कि, एयर शो में लोगों की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस ने खास तैयारी की थी। पूरे जिले को 30 जोन और 50 से ज्यादा सेक्टर में बांटा गया। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल के मुताबिक, सुरक्षा संभालने के लिए 11,500 से ज्यादा जवान लगाए गए। इसके अलावा 200 सीसीटीवी कैमरों से भी नजर रखी गई। प्रशासन ने करीब 50 लाख लोगों की भीड़ को संभालने के लिए इंतजाम किए।
12 एयरबेस से आए विमान, आसमान में दिखी ताकत
इस कार्यक्रम में देश के 12 एयरबेस से विमान पहुंचे। इनमें चेन्नई और ग्वालियर जैसे शहरों के एयरबेस भी शामिल हैं। काशी में पहली बार इतने बड़े स्तर पर एयर शो हुआ। इस दौरान राफेल, सुखोई, मिराज-2000, मिग-29 और जगुआर जैसे लड़ाकू विमानों ने उड़ान भरी। वहीं, अपाचे और चिनूक हेलीकॉप्टरों ने भी अपनी ताकत दिखाई। सी-295, सी-17 और सी-130 जैसे बड़े परिवहन विमानों ने भी लोगों का ध्यान खींचा।
आसमान में दिखे महादेव और काशी के नाम
इस एयर शो में सिर्फ विमानों की ताकत ही नहीं दिखाई गई, बल्कि काशी की पहचान को भी खास तरीके से पेश किया गया। आसमान में विमानों ने अलग-अलग समूह बनाकर कई सुंदर आकृतियां तैयार कीं। इन फॉर्मेशन के नाम महादेव, नटराज, कैलाश, विश्वनाथ, त्रिदेव, वरुणा, हनुमान, ओंकार, भागीरथी, काशी और रुद्र रखे गए। इन नामों के जरिए शहर की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को दिखाने की कोशिश की गई।
Created On :  


