Kharge's Controversial Statement: PM मोदी के पिता पर टिप्पणी से भड़की BJP, शिकायत दर्ज, खरगे के खिलाफ आज देशभर में प्रदर्शन

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के एक बयान ने देश की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर की गई कथित टिप्पणी पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने नाराजगी जताई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी इस मामले में कांग्रेस पर निशाना साधा है। वहीं, बिहार की राजधानी पटना में खरगे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। बीजेपी ने इस मुद्दे पर देशभर में विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। दूसरी ओर, कांग्रेस अपने अध्यक्ष के बचाव में उतर आई है। पार्टी का कहना है कि खरगे ने पहले की गई टिप्पणी के जवाब में यह बात कही थी।
यह भी पढ़े -यूपी में कितना बड़ा है राजभर वोटबैंक? 2027 के लिए BJP-सपा-बसपा की इस समुदाय के वोटर्स पर टिकी नजरें
अमित शाह ने कांग्रेस पर साधा निशाना, पटना में शिकायत
खरगे के बयान पर अमित शाह और बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने नाराजगी जताई। अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष ने मर्यादा की सारी सीमाएं पार कर दी हैं। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी खरगे और राहुल गांधी से माफी मांगने की मांग की है। वहीं, बिहार बीजेपी की प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य कृष्ण कुमार ने पटना में खरगे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने मामले की जांच की मांग की। शिकायतकर्ता के मुताबिक, टीवी पर खबर देखने के बाद उन्हें इस टिप्पणी से ठेस पहुंची।
कांग्रेस ने किया बचाव, बीजेपी कार्यकर्ता पर लगाया आरोप
कांग्रेस ने खरगे का बचाव करते हुए कहा कि कार्यक्रम में पहले बीजेपी के एक कार्यकर्ता ने खरगे के दिवंगत पिता को लेकर अपमानजनक बात कही थी। पार्टी के मुताबिक, खरगे ने इसके जवाब में प्रधानमंत्री के वैचारिक पिता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) का जिक्र किया था। कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि पिछले कुछ महीनों में खरगे के साथ दूसरी बार अपमानजनक व्यवहार हुआ है। पार्टी ने अगस्त में उत्तराखंड में हुई एक घटना का भी जिक्र किया। इस तरह, बयान को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं।
यह भी पढ़े -'सहयोगी नाराज, जिद पर क्यों अड़े राहुल', 1 नवंबर की रैली को लेकर BJP ने कांग्रेस पर कसा तंज
खरगे के बयान पर क्यों हुआ विवाद?
आपको बता दें कि, यह पूरा मामला पटना के बापू सभागार में हुए कांग्रेस के एक कार्यक्रम का है। यहां बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह की जयंती मनाई जा रही थी। इसी दौरान खरगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना कर रहे थे। तभी भीड़ में मौजूद एक व्यक्ति ने बीच में बोलते हुए कहा कि मोदी कहीं नहीं जाने वाले हैं। इसके जवाब में खरगे ने कथित तौर पर विवादित टिप्पणी कर दी। इसके बाद कार्यक्रम में हंगामा होने लगा और मामला राजनीतिक विवाद में बदल गया।
Created On :  
