Bihar Crime News: फिर शर्मसार हुआ बिहार, जमुई-समस्तीपुर के बाद गयाजी में युवक-युवती से हुआ दुर्व्यवहार, वीडियो वायरल

डिजिटल डेस्क, पटना। जमुई और समस्तीपुर के बाद बिहार के एक और स्थान से युवती के साथ छेड़खानी का मामला सामने आया है। गया जी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ स्थानीय लोग युवक-युवती के साथ दुर्व्यहार करते दिखाई दे रहे हैं।
एक युवती अपने साथी के साथ बाइक पर घूमने आई थी। इस बीच स्थानीय लोगों ने दोनों को पकड़ लिया। युवक के साथ मारपीट की गई। इसका वीडियो भी बनाया गया। हालांकि वायरल वीडियो कब का है, इसका अभी पता नहीं चल सका है।
यह भी पढ़े -जमुई पीड़िता की पहचान उजागर मामले में भाजपा एमएलसी शीला पंडित ने मीसा भारती के खिलाफ दिया आवेदन
पुलिस ने शुरू की जांच
वायरल वीडियो हाथ लगने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। गयाजी के एसएसपी सुशील कुमार ने मंगलवार को इसकी पुष्टी की। उन्होंने बताया कि मामला गया जी के शेरघाटी थाना एरिया का है। वीडियो की जांच के बाद सामने आया कि युवक-युवती शेरघाटी थाना इलाके में घूम रहे थे। इसी दौरान कुछ स्थानीय युवकों ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया।
क्या है वीडियो में?
वायरल वीडियो में नजर आ रहा है कि बाइक से घूमने आए युवक-युवती को कुछ लोग घेर लेते हैं। इसके बाद वह उनके साथ गाली-गलौच और मारपीट करते हैं। कुछ लड़के का नाम पूछते हुए उसके साथ मारपीट करते भी दिखाई दे रहे हैं।
वहीं जिस युवक के साथ मारपीट की गई उसकी वीडियो के आधार पर पुलिस ने पहचान कर ली है। साथ उन लोगों की भी पहचान हो चुकी है जिन्होंने मारपीट की। अब आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
Created On :   29 Sept 2026 10:30 PM IST












