Arunachal Pradesh News: भारत-म्यांमार सीमा पर जवानों पर अचानक फायरिंग, असम राइफल्स का एक जवान शहीद, 4 घायल

भारत-म्यांमार सीमा पर जवानों पर अचानक फायरिंग, असम राइफल्स का एक जवान शहीद, 4 घायल
अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग में भारत-म्यांमार सीमा के पास गश्त कर रहे असम राइफल्स के जवानों पर गोलीबारी हुई है। गोलीबारी में एक जवान की मौत और चार के घायल होने की खबर है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग जिले में मंगलवार सुबह भारत-म्यांमार सीमा के पास सुरक्षाबलों पर गोलीबारी हुई है। इस हमले में असम राइफल्स के एक जवान की जान चली गई जबकि चार जवान घायल बताए जा रहे हैं। घटना नामपोंग इलाके में सुबह करीब 6:30 बजे हुई है। उस वक्त 21 असम राइफल्स के जवान सीमा क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान संदिग्ध उग्रवादियों ने अचानक उन पर गोली चलानी शुरू कर दी। इस फायरिंग में हवलदार जानखोकाई कुकी की मौत हो गई। वहीं, घायल जवानों को इलाज के लिए फौरन ले जाया गया।

सीमा पर चल रहा था गश्त का काम

न्यूज रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना उस जगह हुई जहां भारत-म्यांमार सीमा पर बाड़ लगाने का काम चल रहा है। जवान इसी इलाके की सुरक्षा के लिए गश्त कर रहे थे। गोलीबारी के बाद सुरक्षा बलों ने आसपास का इलाका घेरकर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।

NSCN (K-YA) पर शक, जांच जारी

शुरुआती जानकारी में NSCN (K-YA) से जुड़े उग्रवादियों पर हमले का शक जताया गया है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हो सकी है। चांगलांग के SP किर्ली पाडु ने बताया कि पुलिस को घटना की जानकारी मिली है। उन्होंने चांगलांग थाने के अधिकारी को मौके से जुड़ी जानकारी जुटाने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों के अनुसार, भारत-म्यांमार सीमा का यह इलाका पहले से ही संवेदनशील माना जाता है।

Created On :   29 Sept 2026 3:21 PM IST

Tags

Next Story