MP News: शादीशुदा बॉयफ्रेंड की निगरानी से तंग आ गई थी इंफ्लुएंसर निधि तिवारी? मां ने लगाए गंभीर आरोप

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश के सिंगरौली में रहने वाली इंटरनेट मीडिया इंफ्लुएंसर निधि तिवारी ने रविवार को आत्महत्या कर ली। वह 30 साल की थीं। उनकी मौत के बाद परिवार ने उनके कथित बॉयफ्रेंड रनदीप मथारू उर्फ सोनू सिंह पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। निधि की मां हेमलता और बहन सुनीता का कहना है कि सोनू निधि पर शक करता था और लगातार उस पर नजर रखता था। परिवार के मुताबिक, इससे निधि काफी परेशान रहती थीं। परिजनों ने यह भी बताया कि सोनू ने खुद को पहले अविवाहित बताया था लेकिन बाद में पता चला कि वह शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़े -तथाकथित कोचिंग संस्थान द्वारा नाबालिग बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल के मामले में NHRC ने लिया संज्ञान
होटल में हुई थी सोनू से मुलाकात
परिवार के अनुसार, निधि ने 16 अप्रैल से 11 जून तक सिंगरौली के मोरवा में एक होटल में रिसेप्शनिस्ट की नौकरी की थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात सोनू से हुई। बताया गया कि सोनू एक आउटसोर्सिंग कंपनी में इंजीनियर था और काम के लिए सिंगरौली आता रहता था। वह इसी होटल में ठहरता था।
निधि की मां के मुताबिक, सोनू ने शुरुआत में खुद को कुंवारा बताया था। बाद में परिवार को उसकी शादी और बच्चों के बारे में पता चला। घरवालों ने निधि को उससे दूर रहने की सलाह दी, लेकिन दोनों के बीच बातचीत जारी रही।
पूजा के बाद कमरे में गईं, फिर नहीं खुला दरवाजा
घटना वाले दिन निधि पूजा करने के बाद अपने कमरे में चली गई थीं। कुछ समय बाद सोनू का फोन उनकी मां और बहन के पास आया था। इसके बाद परिवार ने निधि के कमरे का दरवाजा खटखटाया लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। परिजन उन्हें अस्पताल लेकर गए जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिवार ने पूरे मामले की जांच की मांग की है। पुलिस निधि के फोन की जानकारी और परिवार के बयानों को जांच में शामिल कर रही है। अभी तक कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
सोशल मीडिया पर लाखों लोग करते थे फॉलो
निधि मूल रूप से वाराणसी की रहने वाली थीं। वह कुछ समय से अपनी मां और बहन के साथ सिंगरौली में रह रही थीं। सोशल मीडिया पर उनकी अच्छी पहचान थी। फेसबुक पर उनके 9 लाख से ज्यादा और इंस्टाग्राम पर 7 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स थे। निधि डांस वीडियो, रील्स और स्थानीय कार्यक्रमों में नजर आती थीं। साल 2024 में उन्हें ‘मिस प्रिटी इंडिया’ का खिताब भी मिला था। पुलिस का कहना है कि परिवार के आरोपों समेत मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
Created On :   29 Sept 2026 12:49 PM IST












