UP News: फतेहपुर सिलेंडर धमाके में मृतकों की संख्या बढ़कर हुई 5, 3 लोग गंभीर रूप से घायल

फतेहपुर सिलेंडर धमाके में मृतकों की संख्या बढ़कर हुई 5, 3 लोग गंभीर रूप से घायल
फतेहपुर के मलवां में खाना बनाते समय गैस सिलेंडर फटने से दो मंजिला मकान गिर गया। हादसे में अब तक पांच लोगों की मौत और तीन लोग घायल हुए हैं।

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसा हुआ। मलवां कस्बे में खाना बनाते समय एक घर में अचानक आग लग गई। बस इतना ही नहीं बल्कि इसके बाद घर में रखे 2 गैस सिलेंडर फट गए। धमाका इतना तेज था कि आसपास का इलाका हिल गया। हादसे में फल बेचने वाले सुरेश गुप्ता का दो मंजिला मकान पूरी तरह गिर गया। आसपास के दो घर भी ढह गए। हादसे में मृतकों की संख्या बढ़ कर 5 हो गई है। 3 लोग बुरी तरह झुलस गए। मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड ने लोगों की मदद से मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकाला।

खाना बनाते समय लगी आग, फिर फटे दो सिलेंडर

आपको बता दें कि, यह हादसा फतेहपुर जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर मलवां कस्बे में हुआ। सोमवार शाम घर की महिलाएं खाना बना रही थीं। घर में चार गैस सिलेंडर रखे थे इनमें दो खाली और दो भरे हुए थे। माना जा रहा है कि किसी सिलेंडर से गैस निकल रही थी। चूल्हा जलाते ही रसोई में आग लग गई। डर के कारण महिलाएं शोर मचाते हुए घर से बाहर भाग गईं। कुछ ही देर बाद दो सिलेंडर तेज आवाज के साथ फट गए। धमाका इतना जोरदार था कि करीब 200 मीटर दूर तक लोगों को भूकंप जैसा झटका महसूस हुआ।

कई घरों को नुकसान

सिलेंडर फटने के बाद सुरेश का पूरा मकान मलबे में बदल गया। पास के दो मकान भी गिर गए। राहत की बात यह रही कि उन दोनों घरों में उस समय कोई मौजूद नहीं था। हादसे का असर आसपास के घरों पर भी पड़ा। न्यूज रिपोर्ट्स के मुताबिक, करीब 10 से 12 मकानों को नुकसान पहुंचा है। धमाके के बाद इलाके में धुएं का बड़ा गुबार छा गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची। कुल 16 कर्मचारी राहत के काम में लगाए गए। गली बहुत संकरी होने के कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ी घटनास्थल तक नहीं पहुंच सकी। इसके बाद बुलडोजर की मदद ली गई।

Created On :   29 Sept 2026 10:03 AM IST

Tags

Next Story