दिल्ली में जोरदार प्रदर्शन: BCI चेयरमैन के इस्तीफे पर अड़े वकील, NALSAR विवाद को लेकर भी उठे सवाल

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) के चेयरमैन मनन कुमार मिश्रा के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में वकीलों का प्रोटेस्ट तेज होता जा रहा है। ऑल इंडिया यंग एडवोकेट्स एसोसिएशन ने यह प्रदर्शन किया। इसमें वकीलों ने BCI के काम करने के तरीके और उसकी जवाबदेही पर सवाल उठाए। NALSAR से जुड़े विवाद का मुद्दा भी उठाया गया। प्रदर्शन में देशभर के वकीलों से जुड़े कई सवाल सामने रखे गए। कॉकरोच जनता पार्टी ने भी इस आंदोलन को अपना समर्थन दिया है। वहीं, बॉम्बे बार एसोसिएशन ने भी मनन कुमार मिश्रा के इस्तीफे की मांग की है।
#WATCH | Delhi | A group of lawyers protest against the Bar Council of India over alleged irregularities and demand the resignation of BCI Chairman Manan Kumar Mishra https://t.co/suF7Z6rU34 pic.twitter.com/OUFnm0pQ3S
— ANI (@ANI) August 20, 2026
BCI दफ्तर के बाहर पुलिस तैनात
प्रदर्शन को देखते हुए BCI कार्यालय के आसपास पुलिस की संख्या बढ़ा दी गई। वकील हाथों में पोस्टर और तख्तियां लेकर पहुंचे। उन्होंने चेयरमैन के इस्तीफे की मांग करते हुए कई नारे लगाए। वकीलों ने कहा कि यह किसी राजनीतिक दल का आंदोलन नहीं है। उनके मुताबिक, वे अपनी ही संस्था की कमियों के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। उनका कहना है कि BCI को वकीलों की समस्याओं पर गंभीरता से काम करना चाहिए।
वकीलों ने उठाए कई सवाल
प्रदर्शन के दौरान वकीलों ने BCI की कार्यप्रणाली और उसके कामकाज को लेकर सवाल खड़े किए। उनका कहना है कि संस्था को अपने फैसलों के लिए जवाबदेह होना चाहिए। वकीलों ने यह भी कहा कि देशभर में अधिवक्ताओं को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में उनकी शीर्ष संस्था को उनकी आवाज मजबूती से उठानी चाहिए।
कॉकरोच जनता पार्टी के समर्थन पर क्या बोले?
प्रदर्शन में शामिल एडवोकेट रमन शर्मा ने कहा कि अगर कॉकरोच जनता पार्टी इस आंदोलन के साथ खड़ी है तो यह अच्छी बात है। हालांकि, उन्होंने कहा कि वकीलों को भी अपने मुद्दों पर खुद आवाज उठानी चाहिए। उन्होंने साफ किया कि आंदोलन का मुख्य उद्देश्य BCI की कमियों को सामने लाना और वकीलों की उचित मांगों को उठाना है।
वकीलों की सुरक्षा का मुद्दा भी उठा
रमन शर्मा ने वकीलों के खिलाफ होने वाली हिंसा का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि जब दूसरे समुदाय अपने लोगों के लिए आवाज उठाते हैं तो वकीलों के प्रतिनिधियों को भी अपने साथियों की समस्याओं पर मजबूती से बोलना चाहिए। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उनकी मांगों पर BCI को ध्यान देना चाहिए और संस्था में जरूरी बदलाव किए जाने चाहिए।
Created On :   20 Aug 2026 3:01 PM IST













