BRICS Cultural Summit 2026: भोपाल बना ब्रिक्स संस्कृति का केंद्र, जुटेंगे 100 से ज्यादा विदेशी मेहमान, 4 दिन चलेगी बैठक

भोपाल बना ब्रिक्स संस्कृति का केंद्र, जुटेंगे 100 से ज्यादा विदेशी मेहमान, 4 दिन चलेगी बैठक
भोपाल में चार दिन का ब्रिक्स सांस्कृतिक सम्मेलन शुरू होगा। इसमें विदेशी मेहमान, सांस्कृतिक कार्यक्रम, पारंपरिक भोजन और कई देशों के कलाकार एक साथ हिस्सा लेंगे।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। भोपाल में बुधवार से चार दिन का ब्रिक्स सांस्कृतिक सम्मेलन 2026 शुरू हो रहा है। इस कार्यक्रम में ब्रिक्स देशों के साथ कई अन्य देशों के 100 से ज्यादा मेहमान शामिल होंगे। सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सम्मेलन का मुख्य आयोजन कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर (मिंटो हॉल) में होगा। इस दौरान मेहमानों को मध्य प्रदेश की संस्कृति, कला, संगीत, खान-पान और परंपराओं से रूबरू कराया जाएगा। अलग-अलग देशों के प्रतिनिधि आपस में बातचीत करेंगे और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आनंद लेंगे। इस आयोजन को भोपाल के लिए खास माना जा रहा है।

मेहमान चखेंगे मध्य प्रदेश के खास स्वाद

सम्मेलन में आए मेहमानों को मध्य प्रदेश के कई पारंपरिक डिश परोसी जाएंगी। इनमें दाल बाफले, निमोना, गुइया की सब्जी, बड़ा, कोदो और कुटकी जैसे मिलेट्स से बने पकवान शामिल हैं। विदेशी मेहमानों की पसंद को देखते हुए पश्चिमी और दूसरे देशों के खाने की भी व्यवस्था की गई है ताकि सभी अपनी पसंद का भोजन कर सकें।

संस्कृति और परंपरा से होंगे रूबरू

पहले दिन मेहमान इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय जाएंगे। यहां उनका पारंपरिक स्वागत किया जाएगा। वे मिट्टी के बर्तन बनाने की कला, जनजातीय जीवन, पुराने घरों की बनावट और भारत की अलग-अलग परंपराओं को करीब से देखेंगे। शाम को कथक, लोक नृत्य और पारंपरिक कपड़ों पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। मिंटो हॉल में कई खास प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी जिन्हें आम लोग भी देख सकेंगे।

6 से 8 अगस्त तक होंगे कई खास कार्यक्रम

सम्मेलन के दौरान संस्कृति से जुड़े कई अहम विषयों पर चर्चा होगी। अलग-अलग देशों के प्रतिनिधि सांस्कृतिक सहयोग, विरासत को बचाने और आपसी संबंध मजबूत करने पर बात करेंगे। 6 अगस्त से सांस्कृतिक महोत्सव भी शुरू होगा जिसमें कई देशों के कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। 7 अगस्त को म्यूजिक का बड़ा कार्यक्रम होगा, जहां भारत और दूसरे देशों के कलाकार एक साथ मंच साझा करेंगे। इसका मकसद कला के जरिए दोस्ती और एकता का संदेश देना है।

Created On :   5 Aug 2026 11:45 AM IST

Tags

Next Story