Delhi Gangrape Case: दो घंटे तक मारपीट और दरिंदगी के बाद सड़क पर फेंका, गैंग रेप पीड़िता ने बताई आपबीती

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली के रानी बाग इलाके से एक दिल झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। देर रात फैक्ट्री से काम करके घर लौट रही एक महिला के साथ चलती हुई बस में गैंगरेप किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में डर और गुस्से का माहौल बना हुआ है। पुलिस की तरफ से मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है।
महिला ने सिर्फ पूछा था समय
पीड़िता ने पुलिस को आपबीती बताते हुए कहा है कि वह फैक्ट्री में काम खत्म करने के बाद देर रात में घर वापस आ रही थी। इसी दौरान उसने सड़क के किनारे खड़े एक आदमी से समय पूछा है। महिला ने आरोप लगाया है कि युवक ने अचानक उसको जबरदस्ती पास खड़ी हुई स्लीपर बस के अंदर खींच लिया है और बस में पहले से भी कुछ लोग मौजूद थे। महिला ने आगे बताया कि उसको खींचने के बाद बस चलने लगी और अंदर मौजूद सभी लोगों ने उसके साथ दरिंदगी शुरू कर दी। वो लगातार मदद के लिए चिल्लाती रही, लेकिन उसकी किसी ने भी नहीं सुनी।
दो घंटे तक इधर-ऊधर घूमती रही बस
पीड़िता ने बताया कि बस अलग-अलग इलाकों में घूमती रही और नांगलोई तक पहुंची। इस दौरान आरोपियों ने उसके साथ मारपीट भी की। करीब दो घंटे बाद आरोपी महिला को घायल हालत में सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए। महिला ने किसी तरह से खुद को संभाला और उसके बाद महिला ने पुलिस को पूरी घटना बताई। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उसको हॉस्पिटल में एडमिट कराया।
जांच में जुटी पुलिस
डॉक्टरों की जांच में दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल बस को कब्जे में ले लिया है। आसपास लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें बनाई गई हैं और जल्द गिरफ्तारी की कोशिश की जा रही है।
परिवार की जिम्मेदारी ने रोका
महिला पीतमपुरा की झुग्गियों में रहती है और मंगोलपुरी की एक फैक्ट्री में काम करती है। उसके पति बीमार बताए जा रहे हैं। महिला ने पुलिस को बताया कि घर की पूरी जिम्मेदारी उसी पर है और उसकी तीन छोटी बेटियां हैं। इसी वजह से उसने अस्पताल में भर्ती होने से मना कर दिया, क्योंकि काम बंद होने पर घर चलाना मुश्किल हो जाएगा।
Created On :   14 May 2026 12:24 PM IST












