Uttar Pradesh News: यूपी में आंधी-तूफान का कहर, 89 लोगों ने गंवाई जान, 50 से ज्यादा घायल, जानें कितनी मची तबाही?

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बुधवार को आए तेज तूफान, धूल भरी आंधी और भारी बारिश ने कई जिलों में बड़ी तबाही मचा दी। प्रयागराज, भदोही, मिर्जापुर, फतेहपुर, उन्नाव, बरेली, बदायूं, कानपुर देहात, चंदौली और सोनभद्र में लगभग 89 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। सबसे ज्यादा असर प्रयागराज, भदोही और मिर्जापुर में देखा गया। कई जगह पेड़ गिर गए, दीवारें टूट गईं और टिन शेड उड़ गए। पशुधन और मकानों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। प्रशासन ने राहत और बचाव का काम शुरू कर दिया है और सभी जिलों से नुकसान की जानकारी जुटाई जा रही है।
VIDEO | Lucknow: Uttar Pradesh Relief Commissioner Dr Hrishikesh Bhaskar Yashod on storm, rain battering the state killing 89 people, said, "As you are already aware, over the past 36 hours, several districts in the state have witnessed large-scale storms, strong winds,… pic.twitter.com/xC0cNcyFNe
— Press Trust of India (@PTI_News) May 14, 2026
यह भी पढ़े -परीक्षा रद्द होने पर बरसी AAP, BJP पर लगाया गंभीर आरोप, कहा- सरकार की देखरेख में फल-फूल रहीं गलत हरकतें
प्रयागराज में कितनों की मौत?
प्रयागराज में तेज तूफान और बारिश से 17 लोगों की मौत हुई। मरने वालों में 5 महिलाएं, 4 बच्चे और 8 पुरुष शामिल हैं। हंडिया में 7, फूलपुर में 4, सोरांव में 3, मेजा में 2 और सदर इलाके में 1 मौत हुई। 5 लोग घायल भी हुए हैं। जिले में 20 पशुओं की मौत और 16 मकानों के टूटने की जानकारी मिली है। प्रशासन अभी और आंकड़े जुटा रहा है।
मिर्जापुर और भदोही में भारी तबाही
मिर्जापुर में चक्रवाती तूफान, तेज आंधी और बिजली गिरने से 14 लोगों की जान चली गई। पड़री में 5, अदलहाट में 3, कछवां में 2 और बाकी मौतें दूसरे इलाकों में हुईं। कई लोग घायल हुए हैं। वहीं, भदोही जिले में 16 लोगों की मौत की खबर सामने आई है। कई गांवों में पेड़ और दीवारें गिर गईं, जिससे लोगों को भारी नुकसान हुआ।
बरेली समेत कई जिलों में मौतें
बरेली में तूफान और बारिश से 4 लोगों की मौत हो गई। कहीं दीवार गिरी, कहीं पेड़ और टिन शेड गिरने से हादसे हुए। एक 7 साल की बच्ची की भी जान चली गई। फतेहपुर में 9, बदायूं में 5, उन्नाव में 4, कानपुर देहात में 3, चंदौली में 2 और सोनभद्र में 1 व्यक्ति की मौत हुई है। कई जगह बिजली और सड़क व्यवस्था भी प्रभावित हुई।
राहत आयुक्त ने क्या कहा?
उत्तर प्रदेश के राहत आयुक्त डॉ. ऋषिकेश भास्कर यशोद ने राज्य में आए तूफान और बारिश के बारे में बात करते हुए, जिसमें 89 लोगों की जान चली गई, कहा कि जैसा कि आप पहले से ही जानते हैं, पिछले 36 घंटों में राज्य के कई जिलों में बड़े पैमाने पर तूफान, तेज हवाएं, बिजली गिरने और बादलों की गड़गड़ाहट की घटनाएं हुई हैं, जिससे कई इलाकों में काफी नुकसान हुआ है। कंट्रोल रूम के जरिए हम लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। जिलों से अब तक मिली जानकारी के अनुसार, 19 जिलों में नुकसान की खबर है। अब तक लगभग 89 लोगों की मौत की रिपोर्ट मिली है, जबकि लगभग 53 लोगों के घायल होने की खबर है। इसके अलावा, 114 जानवरों की मौत की भी जानकारी मिली है। साथ ही, लगभग 87 घर या तो ढह गए हैं या उन्हें नुकसान पहुंचा है।
Created On :   14 May 2026 12:18 PM IST













