सत्य निकेतन हादसा: किराए के लालच में पुरानी नींव पर खड़ी कर दीं 4 मंजिलें, FIR में चौंकाने वाला खुलासा

किराए के लालच में पुरानी नींव पर खड़ी कर दीं 4 मंजिलें, FIR में चौंकाने वाला खुलासा
दिल्ली के सत्य निकेतन मामले में दर्ज हुई FIR में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने बताया कि इमारत मालिक हरिराम बंसल उर्फ गुप्ता और उनके भाई ने किराए के लालच में आकर कई साल पुरानी बिल्डिंग के ऊपर कथित तौर पर चार मंजिलें बनवा दी थीं।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली के सत्य निकेतन मामले में दर्ज हुई FIR में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने बताया कि इमारत मालिक हरिराम बंसल उर्फ गुप्ता और उनके भाई ने किराए के लालच में आकर कई साल पुरानी बिल्डिंग के ऊपर कथित तौर पर चार मंजिलें बनवा दी थीं। पुलिस ने आरोप लगाते हुए कहा कि मालिकों को पहले से ही मालूम था कि पुरानी इमारत की नींव अतिरिक्त भार नहीं उठा सकती है। इसके बाद भी निर्माण कार्य जारी रखा गया।

बिल्डिंग पर अतिरिक्त दबाव

एफआईआर के मुताबिक, अतिरिक्त मंजिलों का निर्माण और फिर नए कमरे बनाने से बिल्डिंग की मजबूती और उसकी भार वहन क्षमता पर काफी दबाव पड़ा। पुलिस ने बताया कि उस बिल्डिंग की पहले की क्षमता पार हो चुकी थी और फिर नया काम चालू कर दिया गया था। इस वजह से वह अचानक भरभराकर ढह गई। यह हादसा रविवार को हुआ था। सोमवार शाम तक चले रेस्क्यू अभियान के दौरान कम से कम 12 लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया, इनमें से 7 लोगों की मौत हो चुकी थी।

मृतकों की पहचान

इस बिल्डिंग हादसे में मारे गए लोगों की पहचान हो चुकी है। सात में से पांच छात्र बताए जा रहे हैं। जिनके नाम अभिषेक (20), युवराज सोनी (20), पवन (17), अर्पित जाजज (19) और अक्षत सिंह यादव (18) बताए जा रहे हैं, जबकि एक 75 वर्षीय मजदूर सुरिंदर सिंह और एक की अभी पहचान नहीं हो सकी है।

इस घटना में घायल हुए लोगों में असगर अली (30), नीरज बावन (19), आदित्य कुमार (19), नितिश चिब (19) और मोहम्मद अयान (18) का नाम सामने आया है। जिनका इलाज AIIMS ट्रॉमा सेंटर और सफदरजंग अस्पताल में चल रहा है। इनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि रविवार को पांच मृतक और पांच घायलों को मलबे से निकाल लिया गया था, जबकि सोमवार को दो और शव बाहर निकाले गए थे।

इन धाराओं में केस दर्ज

दिल्ली के दक्षिण कैंपस थाने में रविवार को इस मामले की FIR दर्ज की गई। पुलिस ने BNS की धारा 105, 290 और 125(a) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। हालांकि, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 81 वर्षीय हरिराम गुप्ता, उनकी पत्नी और बेटे को गिरफ्तार किया गया है। हरिराम भारतीय वायुसेना के सेवानिवृत्त कर्मचारी बताए जा रहे हैं।

Created On :   8 Sept 2026 11:10 AM IST

Tags

Next Story