हादसा: डीएवी कॉलेज की दीवार गिरने से युवती की मौत, परिजनों ने प्रबंधन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया

डीएवी कॉलेज की दीवार गिरने से युवती की मौत, परिजनों ने प्रबंधन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया
  • देहरादून के करनपुर स्थित डीएवी कॉलेज की दीवार गिरी
  • अचानक भरभरा कर गिर गई दीवार
  • दीवार गिरने से एक की मौत

डिजिटल डेस्क, देहरादून। देहरादून के करनपुर स्थित डीएवी कॉलेज की दीवार गुरुवार रात अचानक भरभरा कर गिर गई। काॅलेज के सामने से गुजर रहे भाई-बहन इसकी चपेट में आ गए। जिसके बाद स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस को सूचना दी गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायल भाई-बहनों को इलाज के लिए निजी अस्पताल भिजवाया। जहां युवती की मौत हो गई। जबकि, उसका भाई गंभीर रूप से घायल है।

परिजनों ने डीएवी कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ केस दर्ज कराया है। इस हादसे में युवती की मौत के बाद एनएसयूआई, आर्यन और एबीवीपी छात्र संगठन से जुड़े छात्रों ने गुरुवार की देर रात डीएवी कॉलेज में जोरदार प्रदर्शन किया। छात्रों ने प्राचार्य कार्यालय और मुख्य गेट के आगे नारेबाजी करते हुए प्राचार्य से इस्तीफे की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने आरोप लगाया है कि करीब डेढ़ महीने पहले ही कॉलेज प्रशासन को दीवार की हालत के बारे में बताया गया था। लेकिन, कॉलेज प्रशासन ने छात्रों की मांगों को अनदेखा कर दिया। जिसका नतीजा ये रहा कि यहां एक बड़ा हादसा हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस के काफी समझाने के बाद छात्र शांत हुए।

जानकारी के अनुसार मृतक सुष्मिता तोमर की हाल ही में सरकारी नौकरी लगी थी। मृतका पुरोला डिग्री कॉलेज में कनिष्क सहायक के पद पर कार्यरत थी। उसका भाई रघुवीर तोमर देहरादून में डीएवी में पढ़ता है। करनपुर क्षेत्र में ही कमरा लेकर रह रहा है। सुष्मिता अपने भाई के यहां आई हुई थी।

रात साढ़े आठ बजे के करीब भाई-बहन करनपुर घूमने आए थे। दोनों पैदल कमरे की तरफ जा रहे थे तभी डीएवी कॉलेज की पीछे वाली दीवार भरभरा कर गिर गई। दोनों इसकी चपेट में आ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टर ने सुष्मिता को मृत घोषित कर दिया। रघुवीर तोमर का इलाज चल रहा है। वह भी गंभीर रूप से घायल है।

थाना डालनवाला प्रभारी राजेश शाह ने बताया है कि डीएवी कॉलेज की दीवार काफी पुरानी थी।

एसएसपी अजय सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि मृतिका के परिजनों ने डीएवी कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। मृतिका के भाई ने कॉलेज प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। तहरीर के आधार पर कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

आईएएनएस

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   20 Oct 2023 1:27 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story