Assam Crime: फ्रिज में पत्नी का कटा सिर रखने वाले आरोपी की मौत, अस्पताल ले जाते समय पुलिस की गाड़ी से कूदकर दी जान

फ्रिज में पत्नी का कटा सिर रखने वाले आरोपी की मौत, अस्पताल ले जाते समय पुलिस की गाड़ी से कूदकर दी जान
गुवाहाटी में पत्नी की हत्या के आरोपी रामानुज गोस्वामी की पुलिस गाड़ी से कूदने के बाद मौत हो गई है।

डिजिटल डेस्क, गुवाहाटी। गुवाहाटी में पत्नी की हत्या के आरोपी रामानुज गोस्वामी की पुलिस हिरासत में मौत हो गई है। पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह मेडिकल जांच के बाद उसे अस्पताल से वापस लाया जा रहा था। इस दौरान नरकासुर पहाड़ियों के पास उसने पुलिसकर्मियों से हाथापाई की और चलती गाड़ी से बाहर कूद गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। पुलिस उसे तुरंत गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल लेकर पहुंची लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया गया। बता दें कि, रामानुज पर अपनी पत्नी रिया तालुकदार की हत्या करने का आरोप था। पुलिस ने उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है।

पत्नी की हत्या का आरोप

पुलिस के मुताबिक, रामानुज ने 3 सितंबर को गुवाहाटी के एक फ्लैट में अपनी पत्नी रिया तालुकदार की हत्या कर दी थी। दोनों पिछले साल अक्टूबर से उसी घर में रह रहे थे। आरोप है कि हत्या के बाद उसने रिया के शव के हिस्सों को फ्रिज में छिपा दिया और वहां से चला गया था। घर से बदबू आने पर पड़ोसियों को शक हुआ था। सूचना मिलने के बाद पुलिस वहां पहुंची और तलाशी ली। पुलिस को काले प्लास्टिक बैग में रिया का कटा हुआ सिर और कुछ उंगलियां मिली थीं।

पुलिस हिरासत में ऐसे हुई मौत

मालूम हो कि, रामानुज को 6 सितंबर को सरेंडर करने के बाद गिरफ्तार किया गया था। वह सात दिन की पुलिस रिमांड पर था। पुलिस उसे मेडिकल जांच के लिए अस्पताल लेकर गई थी। लौटते समय नरकासुर पहाड़ियों के पास उसने पुलिस पर हमला किया और गाड़ी से छलांग लगा दी। उसे घायल हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। हाटीगांव थाने के अधिकारी अंजाद ब्रह्मा के अनुसार, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

हत्या को लेकर आरोपी ने क्या कहा था?

पुलिस के अनुसार, रामानुज ने पत्नी पर धोखा देने का आरोप लगाया था। 8 सितंबर को पुलिस उसे फ्लैट पर लेकर गई थी। वहां उसने कहा था कि उसे पत्नी की हत्या का कोई पछतावा नहीं है। उसने यह भी धमकी दी थी कि जेल से बाहर आने पर वह पत्नी से जुड़े एक अन्य व्यक्ति को भी मार देगा। जांच में पुलिस को खून से सना एक बड़ा चाकू मिला। घर से शराब की खाली बोतलें भी मिलीं। आरोपी ने पुलिस को बताया था कि घटना के समय वह नशे में था। रिया के परिवार ने उस पर नशे की आदत और पुरानी धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तारी के आरोप भी लगाए थे।

Created On :   14 Sept 2026 2:10 PM IST

Tags

Next Story