Manipur Toxic Liquor: मणिपुर में जहरीली शराब का कहर, मरने वालों की संख्या 15 हुई; 181 लोग अस्पताल में भर्ती

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मणिपुर के चंदेल जिले में जहरीली शराब पीने से कई परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस घटना में मरने वालों की संख्या 8 से बढ़कर 15 हो गई है। वहीं, शराब के सेवन से बीमार हुए 181 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री खेमचंद युमनाम ने लैम्फेलपट स्थित शिजा अस्पताल और सजीवा स्थित बबीना अस्पताल पहुंचकर मरीजों का हाल जाना।
मुख्यमंत्री ने दोनों अस्पतालों के अधिकारियों से मुलाकात कर मरीजों के इलाज और उन्हें दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने डॉक्टरों को मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
यह भी पढ़े - नौकरी-सैलरी पर पीएम मोदी के बयान से गरमाई सियासत, राहुल का पलटवार- 'ये आरोप नहीं, आपका कबूलनामा है'
चंदेल के लिए रवाना हुई मेडिकल टीम
मुख्यमंत्री खेमचंद युमनाम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर बताया कि अस्पतालों में भर्ती मरीजों का डॉक्टरों की निगरानी में इलाज किया जा रहा है। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को मरीजों के लिए बेहतर चिकित्सा सुविधाएं और हर जरूरी मदद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने बताया कि जनरल मेडिसिन के एक विशेषज्ञ के नेतृत्व में मेडिकल टीम जरूरी दवाओं के साथ चंदेल जिले के लिए रवाना की गई है। यह टीम वहां इलाज और राहत कार्यों को मजबूत करने में मदद करेगी।
मुख्यमंत्री ने मरीजों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि सरकार इस घटना की जांच कराएगी और इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
शिजा अस्पताल में 140 मरीज पहुंचे
शिजा अस्पताल के संयुक्त प्रबंध निदेशक डॉ. चेतन खुंडोंगबाम ने बताया कि अस्पताल में मरीजों के पहुंचने के बाद मामला मेथेनॉल विषाक्तता (Methanol Poisoning) का होने की आशंका सामने आई। यह घटना मुख्य रूप से चकपिकारोंग इलाके से जुड़ी है।
उन्होंने बताया कि अब तक अस्पताल में 140 मरीज पहुंच चुके हैं। इनमें से एक की मौत हो चुकी है। उसे अस्पताल मृत अवस्था में लाया गया था। वहीं, तीन मरीजों की हालत गंभीर है और उनका हीमोडायलिसिस किया जा रहा है।
डॉ. खुंडोंगबाम के मुताबिक, अस्पताल में मरीजों के लिए तैयार किए गए सभी बेड भर चुके हैं। इसके बाद राज्य के स्वास्थ्य विभाग, RIMS और JNIMS से अतिरिक्त मदद मांगी गई है। कुछ मरीजों को दूसरे चिकित्सा केंद्रों में भेजा जा रहा है, जबकि लाइफ सपोर्ट और हीमोडायलिसिस की जरूरत वाले गंभीर मरीजों को शिजा अस्पताल में ही रखा गया है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने अस्पताल पहुंचकर मरीजों और उनके परिजनों को भरोसा दिलाया है कि राज्य का स्वास्थ्य विभाग इलाज के लिए हर संभव सहायता उपलब्ध कराएगा।
यह भी पढ़े -रानी लक्ष्मीबाई ने अपने कर्तव्य और आत्मसम्मान से कभी समझौता नहीं किया, जयंती पर पीएम मोदी समेत अन्य नेताओं ने किया नमन
सुगनू से खरीदी गई थी कथित जहरीली शराब
चंदेल जिले के पुलिस अधीक्षक के मुताबिक, प्रभावित लोगों ने जिस शराब का सेवन किया था, उसे कथित तौर पर काकचिंग जिले के सुगनू इलाके से खरीदा गया था। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चंदेल जिले में स्थानीय स्तर पर शराब बनाने या कच्ची शराब के उत्पादन की कोई जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि अगले आदेश तक स्थानीय स्तर पर बनाई गई शराब का सेवन न करें। मामले की जांच की जा रही है।
Created On :  
