Rafel News: भारतीय वायुसेना के राफेल विमानों की संख्या पर सवाल, ब्रिटिश मैगजीन की रिपोर्ट पर पूर्व वाइस चीफ ने जताई आपत्ति

भारतीय वायुसेना के राफेल विमानों की संख्या पर सवाल, ब्रिटिश मैगजीन की रिपोर्ट पर पूर्व वाइस चीफ ने जताई आपत्ति
भारतीय वायुसेना के राफेल लड़ाकू विमान एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनकी ताकत नहीं, बल्कि विमानों की संख्या को लेकर सामने आई एक रिपोर्ट है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय वायुसेना के राफेल लड़ाकू विमान एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनकी ताकत नहीं, बल्कि विमानों की संख्या को लेकर सामने आई एक रिपोर्ट है। ब्रिटिश एविएशन मैगजीन 'फ्लाइटग्लोबल' ने अपनी रिपोर्ट में भारतीय वायुसेना के राफेल विमानों की संख्या को लेकर दावा किया है। भारत ने फ्रांस से 36 राफेल लड़ाकू विमान खरीदे थे। हालांकि, रिपोर्ट में इन विमानों की ऑपरेशनल संख्या को लेकर अलग-अलग आंकड़े सामने आए हैं। इस रिपोर्ट पर पूर्व वाइस एयर चीफ नर्मदेश्वर तिवारी ने आपत्ति जताई है। उन्होंने मैगजीन के दावों को खारिज करते हुए उसके सोर्स की दोबारा जांच करने की सलाह दी है।

पूर्व वाइस चीफ ने रिपोर्ट पर उठाए सवाल

ऑपरेशन सिंदूर के दौरान वाइस एयर चीफ रहे नर्मदेश्वर तिवारी ने फ्लाइटग्लोबल की रिपोर्ट पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि बिना किसी ठोस सबूत के पाकिस्तान के दावों को सही साबित करने की कोशिश की गई है। उन्होंने रिपोर्ट को पूरी तरह खारिज किया।

तिवारी ने मैगजीन की पिछली रिपोर्ट का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद इसी मैगजीन ने अपनी रिपोर्ट में भारतीय वायुसेना के 35 सक्रिय राफेल विमानों का उल्लेख किया था। रिपोर्ट में एक विमान का टेल नंबर भी दिया गया था, जो कई युद्धाभ्यासों में हिस्सा ले चुका है। ऐसे में मौजूदा दावों के स्रोतों की दोबारा जांच की जानी चाहिए।

क्या है फ्लाइटग्लोबल की रिपोर्ट में?

ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारतीय राफेल विमानों की संख्या को लेकर चर्चा तेज हुई है। इसी बीच ब्रिटिश एविएशन मैगजीन 'फ्लाइटग्लोबल' ने दुनिया की वायुसेनाओं के विमानों से जुड़ी एक सूची जारी की है।

इस सूची में भारतीय वायुसेना के सक्रिय राफेल विमानों की संख्या 32 बताई गई है। हालांकि, रिपोर्ट के आंकड़ों और विमानों की वास्तविक ऑपरेशनल स्थिति को लेकर सवाल उठ रहे हैं। पूर्व वाइस एयर चीफ ने भी इसी दावे पर आपत्ति जताई है।

रिपोर्ट के साथ जिम्मेदारी से जुड़ा डिस्क्लेमर भी

फ्लाइटग्लोबल ने अपनी रिपोर्ट के साथ एक डिस्क्लेमर भी दिया है। इसमें कहा गया है कि प्रकाशित जानकारी में किसी तरह की गलती होने पर मैगजीन इसकी कानूनी जिम्मेदारी नहीं लेगी। रिपोर्ट में इस्तेमाल किए गए स्रोतों की जानकारी भी सार्वजनिक नहीं की गई है।

इसी वजह से रिपोर्ट में दिए गए आंकड़ों की विश्वसनीयता पर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल राफेल विमानों की संख्या को लेकर मैगजीन के दावे और पूर्व वाइस एयर चीफ की आपत्ति के बीच मामला चर्चा में है।

Created On :  

Tags

Next Story