Sanjay Raut News: इंडिया गठबंधन की बैठक से पहले राजनीतिक हलचल तेज, डीएमके की नाराजगी पर संजय राउत ने दी प्रतिक्रिया

इंडिया गठबंधन की बैठक से पहले राजनीतिक हलचल तेज, डीएमके की नाराजगी पर संजय राउत ने दी प्रतिक्रिया
इंडिया गठबंधन की बैठक को लेकर संजय राउत ने प्रतिक्रिया दी है, साथ ही डीएमके में चल रही नाराजगी को लेकर भी बयान दिया है।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। इंडिया गठबंधन की 8 जून को दिल्ली में होने वाली अहम बैठक से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। इस बीच शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने तमिलनाडु की राजनीति और डीएमके की नाराजगी को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि बैठक में शामिल होने को लेकर आगे की रणनीति पर विचार किया जाएगा, क्योंकि अलग-अलग राज्यों में कई राजनीतिक घटनाक्रम तेजी से बदल रहे हैं।

तमिलनाडु के घटनाक्रम से बढ़ा विवाद

संजय राउत ने कहा कि तमिलनाडु में चुनाव नतीजे आने के बाद वहां की राजनीतिक तस्वीर बदल गई। कांग्रेस ने नई परिस्थितियों के बीच दूसरी पार्टी के साथ मिलकर सरकार में भागीदारी का फैसला किया। इसके बाद डीएमके ने इंडिया गठबंधन से दूरी बनाने का रास्ता चुना। राउत का मानना है कि इसी वजह से डीएमके का कोई प्रतिनिधि आगामी बैठक में शायद शामिल न हो।

डीएमके को लेकर क्या बोले संजय राउत?

संजय राउत ने कहा है कि 'इंडिया गठबंधन की एक महत्वपूर्ण बैठक दिल्ली में 8 जून को होनी है, हम सोचेंगे कि क्या करना है। महाराष्ट्र में भी बहुत काम हैं। बात रही DMK की तो जब चुनाव हुआ, तमिलनाडु के नतीजे आ गए, उसके बाद वहां परिवर्तन हुआ और कांग्रेस TVK के साथ सत्ता में शामिल हो गई तो उसी दिन DMK ने INDIA गठबंधन से अपना नाता तोड़ दिया तो मुझे नहीं लगता कि DMK से कोई उस बैठक में आएगा। अब INDIA गठबंधन को TVK के रूप में नया सदस्य मिला है तो उनके बारे में चर्चा होगी।'

डीएमके को संयम बरतने की सलाह

डीएमके की नाराजगी पर प्रतिक्रिया देते हुए राउत ने कहा कि पार्टी को थोड़ा धैर्य रखना चाहिए था। उनके मुताबिक तमिलनाडु में जो हालात बने, उनमें कांग्रेस के सामने ज्यादा ऑप्शन नहीं थे। ऐसे में राष्ट्रीय स्तर पर विपक्षी एकता को ध्यान में रखते हुए जल्दबाजी में कोई कठोर फैसला नहीं लिया जाना चाहिए था। राउत ने संकेत दिया कि अब गठबंधन के भीतर बने नए राजनीतिक समीकरणों पर भी चर्चा हो सकती है। आने वाले दिनों में कौन-कौन सी पार्टियां साथ रहेंगी और किस तरह विपक्ष की साझा रणनीति तैयार होगी, यह बैठक का अहम मुद्दा बन सकता है।

Created On :   5 Jun 2026 12:58 PM IST

Tags

Next Story