Indore Showroom Fire: इलेक्ट्रिक वाहन के शोरूम में लगी भयानक आग, 20 लोगों का रेस्क्यू, लसूड़िया इलाके की घटना

डिजिटल डेस्क, भोपाल। इंदौर के लसूड़िया इलाके में शुक्रवार सुबह एक इलेक्ट्रिक वाहन शोरूम में अचानक आग लग गई। आग लगते ही पूरे भवन में धुआं फैल गया। शोरूम के ऊपर बने फ्लैट्स में रहने वाले 6 परिवारों के करीब 20 लोग उस समय अंदर फंस गए। धुएं के कारण लोगों को सांस लेने में परेशानी होने लगी। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। पड़ोस में रहने वाले लोगों ने भी तुरंत मदद शुरू कर दी। सभी के प्रयास से फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है।
यह भी पढ़े -महाराष्ट्र में बड़ा उलटफेर! बीजेपी और उद्धव गुट से इस पार्टी का थामा दामन, क्या होने वाला है बड़ा खेला
धुएं से घिरे लोग, नीचे उतरने का रास्ता बंद
आग ग्राउंड फ्लोर पर बने इलेक्ट्रिक वाहन शोरूम में लगी थी। ऊपर रहने वाले लोग सो रहे थे। जब धुआं फ्लैट्स तक पहुंचा तो उनकी नींद खुली। नीचे देखने पर शोरूम से तेज लपटें उठती दिखाई दीं। आग सीढ़ियों तक पहुंच गई थी जिससे लोग नीचे नहीं उतर पा रहे थे। हालात बिगड़ते देख लोगों ने मदद के लिए आवाज लगाई।
पड़ोसियों ने सीढ़ियों-रस्सियों से बचाई जान
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे। उन्होंने दोनों इमारतों की छतों के बीच सीढ़ियां लगाकर रास्ता बनाया। कुछ लोगों को छत के रास्ते दूसरी बिल्डिंग में पहुंचाया गया। वहीं, कुछ लोग रस्सियों के सहारे नीचे उतरे। इस तरह सभी 20 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
एक घंटे में आग पर काबू
फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब एक घंटे की मेहनत के बाद दो टैंकर पानी की मदद से आग पर काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि आग फ्लैट्स तक नहीं पहुंची और किसी की जान नहीं गई। हालांकि, शोरूम में रखे कई इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन जलकर खराब हो गए। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
Created On :   5 Jun 2026 11:32 AM IST












