Jharkhand News: JSSC CGL केस में 3 और गिरफ्तार, पेपर लीक मामले में अब तक 19 पकड़े गए

डिजिटल डेस्क, रांची। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की CGL परीक्षा-2023 से जुड़े मामले में सीआईडी ने 3 और लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि इन उम्मीदवारों ने परीक्षा में गलत तरीके से फायदा उठाकर सफलता हासिल की थी। पकड़े गए लोगों की पहचान कोडरमा के अजय कुमार, गिरिडीह के संजय कुमार और रामाकृष्णा सिंह के रूप में हुई है। तीनों से पूछताछ के बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया और अदालत ने उन्हें रांची सेंट्रल जेल भेजने का फैसला सुनाया है। न्यूज रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस मामले में अब तक 19 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। फिलहाल जांच जारी है और आगे भी कार्रवाई हो सकती है।
परीक्षा में गड़बड़ी के बाद शुरू हुई जांच
आपको बता दें कि, JSSC CGL परीक्षा-2023 के दौरान पेपर लीक और दूसरी गड़बड़ियों के आरोप लगे थे। इसके बाद छात्रों ने परीक्षा रद्द करने और मामले की CBI जांच कराने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। बाद में सरकार ने परीक्षा रद्द कर दी और जांच सीआईडी को सौंप दी थी।
एजेंसी से लेकर उम्मीदवारों तक जांच
सीआईडी ने परीक्षा कराने वाली एजेंसी, कोचिंग चलाने वालों और कुछ उम्मीदवारों की जांच शुरू कर दी है। जांच में पेपर लीक से जुड़े लोगों और पूरे नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। इसी कार्रवाई के दौरान लगातार गिरफ्तारियां हो रही हैं।
यह भी पढ़े -उत्तराखंड में मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी, हिमाचल और यूपी में भी बहुत तेज वर्षा की आशंका
तीनों आरोपियों को जेल भेजा गया
सीआईडी के अनुसार अजय कुमार, संजय कुमार और रामाकृष्णा सिंह को गिरफ्तार किया गया है। कुछ रिपोर्टों में अजय को स्वास्थ्य विभाग में कर्मचारी और संजय को जमशेदपुर में फूड इंस्पेक्टर बताया गया है। हालांकि, रामाकृष्णा के बारे में ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है।
Created On :   27 Sept 2026 12:07 PM IST







